यूपी स्वास्थ्य विभाग का अजूबा: एक एक्स-रे टेक्नीशियन, एक ही आईडी… लेकिन ट्रांसफर लिस्ट में ‘डबल रोल

Editorial
3 Min Read

उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही का एक ऐसा कारनामा सामने आया है, जिसने पूरे महकमे की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया है। इसे विभाग की ‘अंधेर नगरी चौपट राजा’ वाली नीति कहें या तकनीकी अंधापन, लेकिन सरकारी सिस्टम का यह मजाक अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। मामला एक्स-रे टेक्नीशियन के तबादलों से जुड़ा है। महानिदेशक डॉ. पवन कुमार अरुण के हस्ताक्षर से जारी 38 एक्स-रे टेक्नीशियनों की ट्रांसफर लिस्ट में एक ही कर्मचारी का नाम दो अलग-अलग जगहों पर दर्ज है। निदेशक (पैरामेडिकल) डॉ. संजू अग्रवाल द्वारा तैयार की गई इस सूची में क्रम संख्या 6 पर भीम प्रकाश बुद्ध का नाम है, जिन्हें सीएमओ गोंडा से हटाकर सीएमओ संत कबीरनगर भेजा गया है। हैरानी की बात यह है कि यही नाम, इसी मानव संपदा कोड (eHRMS: 185136) के साथ, इसी लिस्ट में क्रम संख्या 32 पर भी दोबारा दर्ज है।

अब सवाल यह उठता है कि जब डिजिटल गवर्नेंस और ‘मानव संपदा पोर्टल’ के जरिए हर कर्मचारी की एक यूनिक आईडी होती है, तो कंप्यूटर ने एक ही कोड को दो अलग स्थानों पर कैसे स्वीकार कर लिया? क्या यह किसी चहेते कर्मचारी पर विभाग की ‘विशेष दरियादिली’ है, या फिर फाइलों को बिना देखे-समझे आंख बंद करके साइन करने की पुरानी सरकारी आदत? यह चूक इसलिए भी बेहद गंभीर और संदेहास्पद है क्योंकि उत्तर प्रदेश में एक्स-रे टेक्नीशियन भर्ती का इतिहास पहले से ही दागदार और विवादित रहा है। साल 2008 और 2016 में हुई भर्तियों में महाघोटाला सामने आ चुका है, जहां एक ही नाम और दस्तावेज पर चार से पांच फर्जी लोगों ने अलग-अलग जगहों पर नौकरियां जॉइन कर ली थीं। इस बड़े फर्जीवाड़े की जांच अभी ठंडे बस्ते से पूरी तरह निकली भी नहीं है, कईयों पर एफआईआर दर्ज है, और इसके बावजूद महानिदेशालय इतना लापरवाह बना हुआ है। जब ट्रांसफर जैसी संवेदनशील सूची में इतनी बड़ी गड़बड़ी बिना किसी रोक-टोक के पास हो जाती है, तो यह साफ झलकता है कि रसूखदारों के दबाव या भारी लापरवाही के चलते अफसरों ने लिस्ट को ठीक से चेक करने की जहमत तक नहीं उठाई। इस एक ‘डबल रोल’ वाली लिस्ट ने स्वास्थ्य विभाग की ईमानदारी के दावों की धज्जियां उड़ा कर रख दी हैं।

read more:https://news7hindi.com/madhur-bhandarkar-immersed-in-the-devotion-of-mahakaal/

or advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

 

 

Share This Article
Leave a Comment