प्रयागराज माघ मेला 2026: मकर संक्रांति से पहले संगम पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, कड़े सुरक्षा इंतजाम

Digital Desk
3 Min Read

प्रयागराज में गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पावन संगम पर आयोजित माघ मेले में मकर संक्रांति से पहले ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। बुधवार सुबह से ही संगम और मेला क्षेत्र की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर श्रद्धालुओं का लगातार आगमन देखा गया। बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने एंट्री प्वॉइंट पर ही वाहनों की आवाजाही रोक दी है और मेला क्षेत्र के बाहर बनाए गए पार्किंग स्थलों में वाहनों को खड़ा कराया जा रहा है।

मकर संक्रांति के मुख्य स्नान पर्व से एक दिन पहले ही लाखों श्रद्धालु संगम पहुंच चुके हैं। बुधवार को एकादशी और सूर्य के मकर राशि में प्रवेश के योग के कारण भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई। स्नान का यह क्रम देर शाम तक जारी रहा।

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर माघ मेले में व्यापक इंतजाम किए गए हैं। एटीएस, पुलिस, पैरामिलिट्री फोर्स के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें संगम समेत सभी घाटों पर सक्रिय हैं। संगम वॉच टॉवर से पूरे मेला क्षेत्र और स्नान घाटों पर नजर रखी जा रही है। घाटों पर गहराई वाले स्थानों को चिन्हित कर चेतावनी संकेत भी लगाए गए हैं।

वाहनों पर रोक, पैदल पहुंचे श्रद्धालु

भीड़ बढ़ने के चलते मेला क्षेत्र में दोपहिया और चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। जौनपुर, लखनऊ, प्रतापगढ़, भदोही, वाराणसी, अयोध्या, मध्य प्रदेश और कानपुर मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। परिवहन प्रतिबंध और बस स्टैंड को शहर से बाहर किए जाने के कारण श्रद्धालुओं को संगम तक पहुंचने के लिए काफी पैदल चलना पड़ा।

नौका विहार बना आकर्षण

संगम स्नान के साथ-साथ श्रद्धालु नौका विहार का भी आनंद ले रहे हैं। प्रशासन की ओर से घाटों पर निर्धारित दर सूची लगाई गई है। विशेषकर वीआईपी घाट पर नौकायन करने वालों की खासी भीड़ देखी गई। कई श्रद्धालु नाव से सीधे संगम पहुंचकर स्नान कर रहे हैं। पक्के घाटों को फूलों और गमलों से सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर

देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालु सिर पर गठरी और जरूरी सामान लेकर संगम की ओर बढ़ते नजर आए। चंदौली से आए राम किशोर तिवारी ने बताया कि वे परिवार के साथ माघ मेले में पहुंचे हैं और बुधवार को स्नान करने के बाद मकर संक्रांति के दिन भी संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगे।

मकर संक्रांति के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है। प्रशासन भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से आस्था का पर्व मना सकें।

Share This Article
Leave a Comment