मुरादाबाद उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में कारोबारी की बेटी अदीला रहमान हत्याकांड ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। प्रेम, गुपचुप निकाह, रिश्ते को स्वीकार करने की जिद और आखिरकार एक खौफनाक हत्या—इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा पुलिस जांच में हुआ है। करीब एक महीने तक रहस्य बनी इस गुमशुदगी की कहानी अब एक सुनियोजित हत्या में बदल चुकी है। पुलिस के मुताबिक, अदीला की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके पति गुलफाम अली ने की। आरोप है कि उसने दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर अदीला की गोली मारकर हत्या की और फिर शव को कार में रख पूरी रात सफर करता रहा। बाद में उत्तराखंड के रुड़की स्थित मंगलौर क्षेत्र की नहर में शव फेंक दिया।कटघर पुलिस ने अदालत से रिमांड पर लेकर आरोपी से पूछताछ की, जिसके बाद इस सनसनीखेज वारदात की परत-दर-परत सच्चाई सामने आई।
एलएलबी की छात्रा थी अदीला, परीक्षा का कहकर निकली थी घर से
कटघर थाना क्षेत्र के कोहिनूर तिराहा निवासी निर्यातक अदीब उर रहमान की बेटी अदीला रहमान हैदराबाद में रहकर एलएलबी की पढ़ाई कर रही थी। 25 जून को वह परीक्षा देने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद परिवार का उससे संपर्क टूट गया।जांच में पता चला कि 29 जून को उसकी आखिरी लोकेशन दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल-1 के आसपास मिली थी। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो 18 जुलाई को उसकी मां ने कटघर थाने में तहरीर देकर गुलफाम अली और उसके भाई कुरबान अली पर बेटी को गायब करने का आरोप लगाया।

घर से मिला निकाहनामा, खुल गया बड़ा राज
पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इसी दौरान परिजनों ने घर की तलाशी में मिले निकाहनामा और उससे जुड़े दस्तावेज पुलिस को सौंपे। दस्तावेजों में दूल्हे के रूप में गुलफाम अली का नाम दर्ज था।यहीं से जांच ने नया मोड़ लिया। पुलिस ने गुलफाम की तलाश तेज की तो पता चला कि वह हत्या के प्रयास के एक पुराने मामले में 1 जुलाई को रामपुर अदालत में आत्मसमर्पण कर जेल जा चुका था। अदालत की अनुमति लेकर पुलिस ने उसे रिमांड पर लिया और पूछताछ शुरू की।
18 मार्च को अजमेर में किया था गुपचुप निकाह
पूछताछ में गुलफाम ने स्वीकार किया कि उसने 18 मार्च को अजमेर में अदीला से परिवार की जानकारी के बिना निकाह किया था। शादी के बाद दोनों नोएडा के एक किराये के फ्लैट में रहने लगे।पुलिस के अनुसार शुरुआत में दोनों के बीच सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ समय बाद अदीला चाहती थी कि गुलफाम उनके रिश्ते को सार्वजनिक करे और दोनों परिवारों को शादी की जानकारी दी जाए। वहीं गुलफाम लगातार इससे बचता रहा।इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे और यही विवाद आखिरकार हत्या की वजह बन गया।
अदीला उठाती थी खर्च, निकाह के बाद गिफ्ट की थी थार
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि अदीला आर्थिक रूप से भी उसकी मदद करती थी। इतना ही नहीं, निकाह के बाद उसने गुलफाम को थार एसयूवी भी उपहार में दी थी।पुलिस का मानना है कि अदीला इस रिश्ते को सम्मानजनक पहचान दिलाना चाहती थी, जबकि गुलफाम किसी कारण से इसे सार्वजनिक करने के लिए तैयार नहीं था। इसी असहमति ने दोनों के रिश्ते में लगातार तनाव पैदा कर दिया।

दिल्ली से चली, हाईवे पर मिली मौत
29 जून को दोनों के बीच एक बार फिर विवाद हुआ। पुलिस के मुताबिक, अदीला दिल्ली से टैक्सी के जरिए मुरादाबाद की ओर निकली थी। जोया पहुंचने पर गुलफाम उसे अपनी कार में बैठाकर ले गया।रास्ते भर दोनों के बीच शादी और परिवार को लेकर बहस होती रही। आरोप है कि दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर पुराने टोल प्लाजा के पास पहुंचने के बाद गुलफाम ने तमंचे से अदीला के सिर में गोली मार दी।गोली लगते ही अदीला की मौके पर ही मौत हो गई।
शव के साथ पूरी रात घूमता रहा आरोपी
हत्या के बाद गुलफाम ने शव को कार में रखा और पूरी रात उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड तक सफर करता रहा। पुलिस के अनुसार वह रुड़की के मंगलौर क्षेत्र पहुंचा और वहां एक नहर में शव फेंक दिया।इसके बाद वह रामपुर में अपने एक दोस्त के घर रुका और अगले दिन सामान्य तरीके से घर लौट आया। पुलिस का कहना है कि इसके बाद उसने पहले से दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में योजनाबद्ध तरीके से अदालत में आत्मसमर्पण कर खुद को जेल भिजवा दिया, ताकि उस पर किसी को शक न हो।
चार जुलाई को मिला था शव, पहचान नहीं हो सकी
जांच में सामने आया कि 4 जुलाई को रुड़की के मंगलौर क्षेत्र की नहर से एक युवती का शव बरामद हुआ था। स्थानीय पुलिस ने 72 घंटे तक शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।पहचान न होने के कारण नियमानुसार शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। बाद में मुरादाबाद पुलिस की जांच और आरोपी के बयान से स्पष्ट हुआ कि वह शव अदीला रहमान का ही था।
पुलिस ने जुटाए अहम साक्ष्य
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपी ने हत्या की पूरी साजिश और वारदात कबूल की है। नोएडा स्थित किराये के फ्लैट से बरामद निकाहनामा और अन्य दस्तावेजों से दोनों के विवाह की पुष्टि हुई है।पुलिस अब आरोपी के बयान के आधार पर अन्य भौतिक और डिजिटल साक्ष्य जुटा रही है ताकि अदालत में मजबूत चार्जशीट पेश की जा सके। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।
प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत
अदीला हत्याकांड सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि भरोसे, रिश्तों और छल की ऐसी कहानी बन गया है जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। जिस रिश्ते को अदीला सम्मान और पहचान दिलाना चाहती थी, वही रिश्ता उसकी मौत का कारण बन गया।अब इस मामले में पुलिस की जांच आगे बढ़ रही है और आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं एक कारोबारी परिवार, जिसने अपनी बेटी के उज्ज्वल भविष्य के सपने देखे थे, आज उसी बेटी को खोने के गहरे सदमे से गुजर रहा है।
or advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

