
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को अपनी कप्तानी में लगातार दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनाने वाले रजत पाटीदार को लेकर इस समय भारतीय क्रिकेट गलियारों में भारी बवाल मचा हुआ है। आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए शनिवार को घोषित हुई भारतीय टी20 टीम से पाटीदार का पत्ता साफ होने के बाद फैंस और क्रिकेट पंडित हैरान हैं। आईपीएल 2026 में बल्ले से गदर मचाते हुए 501 रन कूटने और टीम को बैक-टू-बैक ट्रॉफी जिताने के बावजूद उन्हें नेशनल टीम में जगह नहीं मिली, जिसके बाद चयनकर्ताओं पर सवाल उठने लगे हैं कि क्या कोहली से दोस्ती की वजह से उन्हें नजरअंदाज किया गया या इसके पीछे कोई और बड़ी इनसाइड स्टोरी है। इस पूरे विवाद और तीखे सवालों पर चुप्पी तोड़ते हुए मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने एक बड़ा बयान दिया है। अगरकर ने पाटीदार का नाम लिए बिना साफ कहा कि भारत में टैलेंट की कोई कमी नहीं है और आप सिर्फ बैठकर 15 नाम नहीं लिख सकते। उन्होंने दलील दी कि आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में कई खिलाड़ी अच्छा कर रहे हैं, लेकिन जो पहले से टीम में हैं, उन्होंने भी विश्व कप जीता है और बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। अगरकर के मुताबिक, टीम संयोजन और भविष्य की योजनाओं को देखते हुए कुछ खिलाड़ियों का बाहर छूटना तय था, लेकिन वे चुनी गई टीम से पूरी तरह खुश हैं।

रजत पाटीदार का टीम से बाहर होना इसलिए सबसे बड़ा झटका माना जा रहा है क्योंकि उन्होंने न सिर्फ आरसीबी की किस्मत बदली बल्कि बतौर बल्लेबाज भी आग उगली। आईपीएल 2026 में उन्होंने 192.69 के तूफानी स्ट्राइक रेट से 501 रन ठोके, जिसमें 30 चौके और 42 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। आंकड़े गवाह हैं कि बीच के ओवरों में पाटीदार 216 के स्ट्राइक रेट से गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा रहे थे और डेथ ओवरों में उनका स्ट्राइक रेट 278 पार कर जाता था।

इतने खूंखार प्रदर्शन के बाद भी उन्हें ड्रॉप किए जाने की असली वजह भारतीय टीम के मिडिल ऑर्डर में मची भयंकर मारामारी है। श्रेयस अय्यर को नया कप्तान बनाया गया है, तिलक वर्मा उपकप्तान हैं और टीम में संजू सैमसन के साथ-साथ 15 साल के सनसनीखेज खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को शामिल कर लिया गया है। चयनकर्ता अब 2028 टी20 विश्व कप और लॉस एंजिलिस ओलंपिक की लॉन्ग टर्म प्लानिंग पर काम कर रहे हैं, जिसके चक्कर में लगातार दो बार के आईपीएल विजेता कप्तान को बाहर बैठना पड़ा है। हालांकि, अगरकर के बयान से साफ है कि पाटीदार के लिए रास्ते बंद नहीं हुए हैं, लेकिन फिलहाल लगातार दो आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाले इस हीरो के हाथ सिर्फ मायूसी लगी है।
or advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

