
आईपीएल 2026 के मंच पर बल्ले से कोहराम मचाने वाले राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने एक ऐसा सनसनीखेज खुलासा किया है, जिसने पूरी क्रिकेट बिरादरी को हैरान कर दिया है। महज 15 साल की उम्र में दुनिया की सबसे मुश्किल और नंबर-1 क्रिकेट लीग में दिग्गजों को पानी पिलाने वाले वैभव ने बताया कि इस ऐतिहासिक कामयाबी की पटकथा उन्होंने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही लिख दी थी। आईपीएल द्वारा सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में वैभव ने राज खोलते हुए बताया कि सीजन की शुरुआत से पहले उन्होंने अपने फोन के ‘नोट्स’ में एक गुप्त टारगेट सेट किया था, जिसमें लिखा था कि उन्हें इस आईपीएल में 700 रन बनाने हैं। वैभव ने कहा कि वह नोट आज भी उनके फोन में सुरक्षित है और वह हर मैच के खत्म होने के बाद बकायदा विरोधी टीम का नाम और उसके खिलाफ बनाए अपने रन उस नोट में नीचे अपडेट करते थे। उनका यह पर्सनल टारगेट न सिर्फ पूरा हुआ, बल्कि उन्होंने रनों का ऐसा एवरेस्ट खड़ा कर दिया जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। भले ही आईपीएल 2026 का चमचमाता खिताब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात टाइटंस को हराकर अपने नाम किया हो, लेकिन इस पूरे सीजन की असली लाइमलाइट और महफिल अकेले वैभव सूर्यवंशी ने लूट ली। राजस्थान रॉयल्स के इस खूंखार बल्लेबाज ने पूरे सीजन के 16 मैचों में विरोधी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए 776 रन कूट डाले और ऑरेंज कैप पर अपना कब्जा जमाया। वैभव की हैवानियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने इस सीजन में 237.31 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और पूरे टूर्नामेंट में रिकॉर्ड 72 गगनचुंबी छक्के जड़ दिए। उनके इस अविश्वसनीय प्रदर्शन के लिए उन्हें सिर्फ ऑरेंज कैप ही नहीं मिली, बल्कि ‘मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर’ (MVP), ‘इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन’, ‘सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन’ और ‘सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन’ जैसे कई बड़े पुरस्कारों से नवाजा गया।

इस ऐतिहासिक सफलता के बाद बेहद भावुक नजर आए वैभव ने अपने बचपन के एक ख्वाब का जिक्र करते हुए कहा कि एक वक्त था जब वह टीवी पर बड़े-बड़े खिलाड़ियों को ऑरेंज कैप लेते देखते थे। तब उनके मन में सिर्फ यह मासूम सा सपना आता था कि वह जिंदगी में कम से कम एक बार इस कैप को हाथ लगाकर देख सकें कि यह असल में कैसी महसूस होती है। लेकिन आज भगवान के आशीर्वाद और उनकी कड़ी मेहनत ने उन्हें सीधे उस कैप का मालिक बना दिया, जो उनके और उनके पूरे परिवार के लिए एक बेहद गर्व का पल है। अपनी इन ऐतिहासिक व्यक्तिगत उपलब्धियों के बाद भी इस युवा खिलाड़ी के पैर जमीन पर हैं और उनका अगला सबसे बड़ा लक्ष्य अपनी टीम राजस्थान रॉयल्स को चैंपियन बनाना है। वैभव ने कहा कि इस साल उनकी टीम ने शानदार वापसी की थी और वह उम्मीद कर रहे हैं कि अगले सीजन में राजस्थान रॉयल्स न सिर्फ फाइनल में पहुंचेगी बल्कि खिताब भी अपने नाम करेगी। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं को इतना बड़ा मंच देने के लिए बीसीसीआई (BCCI) का आभार जताया और अपने भविष्य के इरादे साफ करते हुए कहा कि उनका अल्टीमेट गोल भारतीय टीम के लिए लंबे समय तक खेलना और देश को मैच जिताना है।
read more:https://news7hindi.com/now-plastic-notes-will-be-valid-after-paper-rbi-is-making-big-preparations/
or advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

