लखनऊ में बिजली चोरों का खूनी तांडव: जेई पर छोड़ दिया खूंखार कुत्ता, फिर लोहे के साबड़ से फाड़ दिया सिर

Editorial
4 Min Read

लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बिजली चोरों और दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे खाकी और प्रशासन को ठेंगा दिखाकर सरेआम जानलेवा हमलों पर उतारू हैं। जानकीपुरम इलाके में बिजली चोरी पकड़ने गई पावर कॉरपोरेशन की विजिलेंस टीम पर न सिर्फ खूंखार पालतू कुत्ता छोड़ दिया गया, बल्कि लोहे के साबड़ से जूनियर इंजीनियर (जेई) के सिर पर जानलेवा हमला कर उनका सिर फाड़ दिया गया। राजधानी में पांच दिन के भीतर बिजली कर्मियों पर बर्बरता और दुस्साहस की यह तीसरी बड़ी वारदात है, जिसने पूरे महकमे में हड़कंप मचा दिया है। खून से लथपथ कर देने वाली यह सनसनीखेज वारदात नहर रोड स्थित वंशिका प्रॉपर्टी के दफ्तर में हुई। जेई अशोक कुमार अपने साथी जेई राधेश्याम यादव और लाइनमैन आयुष गौर, शिवम यादव व मनीष कुमार के साथ बिजली चोरी की शिकायत पर छापा मारने पहुंचे थे। टीम को देखते ही दफ्तर में मौजूद प्रॉपर्टी डीलर अजय दीक्षित और उसके चार-पांच गुर्गे आगबबूला हो गए और गालियों की बौछार कर दी। दबंगों ने टीम पर अपना पालतू कुत्ता छोड़ दिया, जिसने जेई और कर्मचारियों को जगह-जगह से बुरी तरह काट खाया। इतने से भी जब मन नहीं भरा, तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से जेई अशोक कुमार के सिर पर लोहे के भारी साबड़ से वार कर दिया। सिर फटने और खून की धार बहने के बाद भी दबंग उन्हें बेरहमी से पीटते रहे। जब टीम ने इस हैवानियत का वीडियो बनाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके मोबाइल फोन भी छीन लिए। विभागीय रिकॉर्ड के मुताबिक, इस प्रॉपर्टी दफ्तर का कनेक्शन नवंबर 2025 में 70 हजार रुपये के बकाये पर काटा गया था, जिसके बाद से यहां सरेआम कटिया डालकर बिजली चोरी की जा रही थी। शर्मनाक बात यह रही कि इतनी बड़ी वारदात के बाद भी जानकीपुरम थाना पुलिस मामले को रफा-दफा करने और आरोपियों को महज शांतिभंग (चलाान) की हल्की धाराओं में छोड़कर बचाने पर अड़ी थी। लेकिन जब बिजली विभाग के एमडी खुद थाने पहुंचे और उन्होंने सीधे पुलिस कमिश्नर से संपर्क कर शीर्ष स्तर पर मोर्चा संभाला, तब जाकर पुलिस बैकफुट पर आई। उच्च अधिकारियों के कड़े रुख के बाद पुलिस ने आनन-फानन में तीन आरोपियों को दबोच लिया। मुख्य अभियंता वीपी सिंह ने साफ किया कि यह हमला पुरानी रंजिश और बिजली चोरी पकड़े जाने के डर से किया गया है, जिसकी गहराई से जांच कराई जा रही है।

राजधानी में बिजली चोरों का आतंक सिर्फ यहीं नहीं रुका, बल्कि रविवार की रात चौपटिया के तंबाकू मंडी इलाके में भी जमकर तांडव हुआ। अधिशासी अभियंता सुशील कुमार के मुताबिक, जब टीम वहां पांच उपभोक्ताओं को रंगेहाथ बिजली चोरी करते पकड़ने गई, तो कटियाबाजों ने पूरी टीम को घेरकर हमला बोल दिया। इस मारपीट में एक लाइनमैन गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसके बाद सहादतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। लखनऊ में सरकारी कर्मचारियों पर पांच दिनों के भीतर हमले की यह तीसरी कड़वी सच्चाई है। इससे पहले शनिवार की आधी रात को जीपीआरए उपकेंद्र के मिश्रपुर इलाके में 150 परिवारों का बिजली संकट दूर करने गए दो संविदा कर्मियों—ओम प्रकाश और अमरदीप—पर चार-पांच दबंगों ने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया था। एक के बाद एक हो रही इन खूनी वारदातों ने साफ कर दिया है कि लखनऊ में बिजली चोरों को कानून का कोई खौफ नहीं रह गया है और वे चेकिंग टीम पर सीधे मौत बनकर टूट रहे हैं।

read more:https://news7hindi.com/peace-echoed-in-prayers-hugs-and-congratulations/

for advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

Share This Article
Leave a Comment