बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई IAS अफसरों का तबादला; उपमुख्यमंत्री की बेटी को भी मिली नई जिम्मेदारी

Editorial
6 Min Read

पटना बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए कई भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों का तबादला और नई जगह पदस्थापन किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में 2022, 2023 और 2024 बैच के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कई अनुमंडल पदाधिकारियों (SDM) को जिला परिषद में उप विकास आयुक्त (DDC), नगर निगम में नगर आयुक्त और विभिन्न विभागों में निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर तैनाती दी गई है।सरकार के इस प्रशासनिक बदलाव में खास बात यह है कि 2024 बैच के कई प्रशिक्षु IAS अधिकारियों को प्रशिक्षण पूरा होने के बाद SDM की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, 2023 बैच के अधिकारियों को भी जिलों और नगर निगमों में महत्वपूर्ण पदों पर भेजा गया है।

सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी की अधिसूचना

बिहार के राज्यपाल के आदेश से सामान्य प्रशासन विभाग के विशेष सचिव संजय कुमार के हस्ताक्षर से शनिवार देर रात तबादले की अधिसूचना जारी की गई। इसके तहत कई अधिकारियों के वर्तमान पद में बदलाव किया गया है। सरकार ने प्रशासनिक कामकाज को गति देने और अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां देने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया है।तबादला सूची में श्रेया श्री, गरिमा लोहिया, अनिरुद्ध पांडेय, तुषार कुमार, प्रधुम्न सिंह यादव, आकांक्षा आनंद समेत कई अधिकारियों के नाम शामिल हैं।

श्रेया श्री को खगड़िया में DDC की जिम्मेदारी

2022 बैच की IAS अधिकारी श्रेया श्री को खगड़िया जिला परिषद का उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बनाया गया है। वह सामान्य प्रशासन विभाग में योगदान देने के बाद पदस्थापन की प्रतीक्षा कर रही थीं। अब उन्हें खगड़िया में महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपी गई है।वहीं, 2023 बैच की गरिमा लोहिया को बाढ़ की अनुमंडल पदाधिकारी की जिम्मेदारी से हटाकर दरभंगा नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है।अनिरुद्ध पांडेय को दानापुर के SDM पद से हटाकर पूर्णिया नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है। तुषार कुमार को पूर्णिया के SDM पद से स्थानांतरित कर मधुबनी जिला परिषद का DDC-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।

कई अधिकारियों को DDC और निदेशक पद की जिम्मेदारी

प्रधुम्न सिंह यादव को कटिहार के अनुमंडल पदाधिकारी पद से हटाकर उद्योग विभाग के खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय का निदेशक बनाया गया है। इसी तरह आकांक्षा आनंद को मुजफ्फरपुर पश्चिमी की SDM जिम्मेदारी से हटाकर सासाराम, रोहतास जिला परिषद का DDC-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बनाया गया है।अंजली शर्मा को अरेराज, पूर्वी चंपारण की SDM जिम्मेदारी से स्थानांतरित कर समाज कल्याण विभाग में निदेशक, निःशक्तता बनाया गया है।

उपमुख्यमंत्री की बेटी को जमुई में DDC की जिम्मेदारी

तबादला सूची में उपमुख्यमंत्री की बेटी शिप्रा विजय कुमार चौधरी का नाम भी शामिल है। 2023 बैच की IAS अधिकारी शिप्रा विजय कुमार चौधरी को आरा सदर के अनुमंडल पदाधिकारी पद से स्थानांतरित कर जमुई जिला परिषद का उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बनाया गया है।उनकी नई तैनाती प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है।

इन अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी

तबादला सूची के अनुसार रोहित कर्दम को नौगछिया के SDM पद से स्थानांतरित कर कैमूर जिला परिषद का DDC-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बनाया गया है।डॉ. नेहा कुमारी को सासाराम की SDM जिम्मेदारी से हटाकर कटिहार जिला परिषद का DDC-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बनाया गया है।कृष्ण चन्द्र गुप्ता को कहलगांव के SDM पद से स्थानांतरित कर महानिरीक्षक, निबंधन, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

2024 बैच के IAS अधिकारियों को SDM की कमान

बिहार सरकार ने 2024 बैच के कई IAS अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी दी है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद इन अधिकारियों को अलग-अलग अनुमंडलों में SDM के रूप में तैनात किया गया है।विरूपाक्ष विक्रम सिंह को दानापुर, पटना का SDM बनाया गया है। प्रिया रानी को सासाराम, रोहतास और कृष्णा जोशी को बाढ़, पटना का अनुमंडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।इसी तरह प्रेम कुमार को हवेली खड़गपुर, मुंगेर, सैयद आदिल मोहसीन को मढ़ौरा, सारण, अजय यादव को बलिया, बेगूसराय, सूरज कुमार को कटिहार और विग्नेश टी.ए. को पूर्णिया का SDM बनाया गया है।जतिन कुमार को शेरघाटी, गया, के. परीक्षित को नौगछिया, भागलपुर, महेश कुमार को तारापुर, मुंगेर और कशिश बक्शी को पटना सिटी का अनुमंडल पदाधिकारी बनाया गया है।

प्रशासनिक कामकाज पर पड़ेगा असर

बिहार सरकार के इस बड़े IAS फेरबदल के बाद अब जिलों और अनुमंडलों में प्रशासनिक स्तर पर नई टीम के साथ कामकाज आगे बढ़ेगा। DDC, नगर आयुक्त और SDM जैसे पदों पर अधिकारियों की नई तैनाती से विकास योजनाओं, स्थानीय प्रशासन और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।

read on :https://news7hindi.com/%e0%a4%b0%e0%a5%81%e0%a4%a1%e0%a4%bc%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%85%e0%a4%ae%e0%a4%a8-%e0%a4%b9%e0%a4%a4%e0%a5%8d%e0%a4%af%e0%a4%be%e0%a4%95%e0%a4%be%e0%a4%82%e0%a4%a1-%e0%a4%aa%e0%a5%81%e0%a4%b2/

advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

Share This Article
Leave a Comment