गोरखपुर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ गीडा थाना इलाके के अड़िलापार गांव स्थित सेमरहवां बाबा स्थान के पास सोमवार सुबह आमी नदी में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की गला रेतकर बेरहमी से हत्या की गई थी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को रस्सी से बोरे में बांधकर नदी में फेंक दिया गया था। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर जब जांच शुरू की गई, तो मृतक की पहचान सहजनवां के मिनवां टिकरिया गांव निवासी आदित्य साहनी के रूप में हुई।सोमवार सुबह ग्रामीणों ने आमी नदी के पुल के नीचे एक बोरे को तैरते हुए देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने जब बोरा खुलवाया तो उसमें युवक की लाश थी, जिसके दोनों हाथ बंधे हुए थे और गला कटा था। शरीर पर गंभीर चोटों के निशान भी थे। मौके से पुलिस को एक पुराना काला पिट्ठू बैग मिला, जिसमें पैंट-शर्ट, महिलाओं के ब्लाउज और बच्चों के कपड़े थे। युवक की शर्ट पर खजनी क्षेत्र के एक टेलर का स्टीकर लगा हुआ था। इसी क्लू के आधार परपुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और कुछ ही घंटों में मृतक की शिनाख्त आदित्य साहनी के रूप में कर ली।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरी वारदात के पीछे अवैध संबंधों का विवाद था। आदित्य का उसके ननिहाल (खजनी क्षेत्र) के पड़ोस में रहने वाली एक युवती से संबंध था। युवती की शादी हो चुकी थी, लेकिन जब भी वह अपने मायके आती, आदित्य उससे मिलने पहुंच जाता था। इसे लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से तनाव चल रहा था। इससे पहले युवती के परिजनों ने आदित्य के खिलाफ दुष्कर्म का मामला भी दर्ज कराया था, जिसमें वह जेल गया था और करीब छह महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था। यही नहीं, बीते गुरुवार को भी महिला ने आदित्य के खिलाफ छेड़खानी और जबरन हाथ पकड़कर ले जाने की कोशिश का एक नया मुकदमा दर्ज कराया था।पुलिस के अनुसार, रविवार की रात आदित्य अपने कुछ साथियों के साथ महिला के मायके पहुंच गया। आरोप है कि वहां उसने महिला और उसके परिजनों के साथ मारपीट की और घर में रखे टीवी-फ्रिज जैसे कीमती सामान तोड़ दिए। शोर सुनकर जब ग्रामीण जुटे, तो आदित्य के साथी भाग निकले, लेकिन उसकी बाइक वहीं छूट गई, जिसे गुस्साए ग्रामीणों ने आग के हवाले कर दिया। इस मारपीट में महिला पक्ष की एक बुजुर्ग महिला समेत कई लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर है और वह आईसीयू में भर्ती है।

परिजनों का आरोप है कि जब वे घायलों को अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में कटघर चौराहे के पास उन्हें आदित्य मिल गया। गुस्साए लोगों ने उसे पकड़ लिया और बेरहमी से पिटाई करने के बाद गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए बोरे में बंद कर नदी में फेंक दिया। वहीं मृतक की मां संजू देवी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनका बेटा ननिहाल से लौट रहा था, तभी आरोपियों ने उसे घेरकर पीटा, बेहोश होने पर बोलेरो में अगवा किया और फिर हत्या कर दी।इस मामले पर जानकारी देते हुए एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक की मां की तहरीर के आधार पर 13 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और शव छिपाने समेत कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। बाकी फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है, जल्द ही घटना का पूरी तरह पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
for advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

