कानपुर में दरिंदगी: मामूली टक्कर बनी मौत का कारण, सीने और दिल पर ताबड़तोड़ वार कर पिता-बेटे को उतारा मौत के घाट

Editorial
4 Min Read

 

 

कानपुर कानपुर के यशोदानगर में बाइक टक्कर के मामूली विवाद में पिता-पुत्र की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिसका खौफनाक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, हमलावरों ने रामनगर सजारी निवासी 64 वर्षीय शिवनारायण त्रिवेदी और उनके 26 वर्षीय बेटे शिवम को संभलने का मौका तक नहीं दिया और उनके दिल, सीने, पेट व पीठ को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ वार किए। डॉक्टर के मुताबिक, शिवम के शरीर पर चाकू के 7 गहरे घाव मिले हैं, जिसमें हमलावरों ने उसके दिल पर ही लगातार तीन बार वार किया। इसके अलावा उसकी कोख और पीठ पर भी जख्म मिले हैं। वहीं बुजुर्ग पिता शिवनारायण के सीने के ठीक बीच में दो, पेट और पीठ पर एक-एक वार सहित कुल 4 गहरे घाव पाए गए हैं। दोनों के शरीर पर मिले घाव 3 से 6 सेंटीमीटर तक गहरे थे और अत्यधिक खून बहने व सदमे के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके साथ ही शवों पर हेलमेट और भारी वस्तु से पीटे जाने के निशान भी मिले हैं। यह वारदात रविवार रात उस वक्त हुई जब किदवईनगर स्थित मार्बल शॉप में काम करने वाले शिवनारायण अपने दोनों बेटों शिवम और सत्यम के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। वृंदावन गेस्ट हाउस के पास उनकी बाइक विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई, जिस पर सिमरा गांव का करन वर्मा, उत्सव अवस्थी और श्यामनगर का शिवा वर्मा सवार थे। टक्कर से भड़के आरोपियों ने पहले तो पिता-पुत्रों को हेलमेट से पीटा, फिर करन ने कमर से चाकू निकालकर दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में सत्यम भी घायल हुआ है, जिसकी तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद मौके पर मौजूद भीड़ ने एक आरोपी शिवा वर्मा को दबोचकर पुलिस को सौंप दिया था, जबकि मुख्य आरोपी करन और उत्सव पैदल ही भाग निकले थे।

सोमवार तड़के पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हंसपुरम इलाके में घेराबंदी की, जहां खुद को घिरा देख मुख्य आरोपी करन वर्मा ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई और मुठभेड़ में पुलिस की गोली करन के दोनों पैरों में लगी, जिसके बाद उसे और उसके मददगार समीर को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने कुछ ही दूरी पर छिपे तीसरे आरोपी उत्सव अवस्थी को भी दबोच लिया। मुख्य आरोपी करन ने चाकू से हमला करने का जुर्म कबूल कर लिया है और पुलिस ने सभी चार आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।इस दोहरे हत्याकांड के बाद सोमवार को पोस्टमार्टम हाउस पर सिकठिया और रामनगर सजारी गांव के ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और लोगों में गहरा आक्रोश देखने को मिला, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात रहा। दोपहर बाद जब पिता-पुत्र के शव उनके पुराने निवास कांशीराम कॉलोनी पहुंचे, तो कोहराम मच गया। मृतक शिवनारायण की पत्नी सुधा अपने पति और जवान बेटे का शव देखकर बेहाल हो गईं और लगातार हत्यारों को फांसी देने की मांग करती रहीं। परिजन शवों के अंतिम दर्शन कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए अपने पैतृक गांव रवाना|

read more:https://news7hindi.com/illegal-relationship-and-bloody-outcome-young-man-brutally-murdered-in-gorakhpur-tailors-sticker-on-his-shirt-revealed-the-secret-of-death/

for advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

Share This Article
Leave a Comment