
लखनऊ उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती की सबसे बड़ी परीक्षा का आज से आगाज हो गया है। प्रदेशभर में तीन दिन तक चलने वाली इस परीक्षा में करीब 28.65 लाख अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे। परीक्षा को लेकर सरकार, पुलिस, रेलवे और परिवहन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। अभ्यर्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा से लेकर यात्रा तक के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रदेश पुलिस में 32,679 आरक्षी नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून को दो पालियों में आयोजित की जा रही है। हर पाली में लगभग 4.90 लाख अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। भर्ती बोर्ड ने परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।

परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों का आधार सत्यापन, ई-केवाईसी और आइरिस स्कैन किया जाएगा। कड़ी जांच के बाद ही प्रवेश की अनुमति मिलेगी। स्थानीय पुलिस और एसटीएफ को भी सक्रिय कर दिया गया है, जो संदिग्ध गतिविधियों और परीक्षा में गड़बड़ी फैलाने वालों पर नजर रखेंगे। सभी केंद्रों पर रविवार शाम से ही सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है। महिला अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनके गृह मंडल के जिलों में ही परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं। केंद्रों पर बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि कलावा, मंगलसूत्र जैसे धार्मिक प्रतीकों पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा।
लखनऊ समेत प्रदेश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। चारबाग और लखनऊ जंक्शन पर हेल्प डेस्क बनाई गई हैं, जहां परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने की जानकारी दी जाएगी। अतिरिक्त टिकट काउंटर, डॉक्टर, एंबुलेंस और सुरक्षा बलों की भी व्यवस्था की गई है। जरूरत पड़ने पर ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने की तैयारी भी कर ली गई है। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए रोडवेज बसों के किराए में 50 प्रतिशत छूट देने का ऐलान किया है। अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र दिखाकर यूपी रोडवेज की बसों में आधे किराए पर यात्रा कर सकेंगे। सरकार का कहना है कि इससे लाखों युवाओं को आर्थिक राहत मिलेगी और वे बिना किसी परेशानी के परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकेंगे।
परीक्षा के मद्देनजर परिवहन निगम ने अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू कर दिया है। प्रमुख बस अड्डों पर सहायता केंद्र बनाए गए हैं, जबकि बसों की निगरानी जीपीएस सिस्टम से की जाएगी। साफ-सफाई, पेयजल और अन्य यात्री सुविधाओं को भी चौबीसों घंटे उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।प्रदेश की अब तक की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षाओं में शामिल इस आयोजन पर पूरे देश की नजर है। लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ी इस परीक्षा को सकुशल और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं का अभेद्य घेरा तैयार किया है।
or advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

