
राजधानी लखनऊ में सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री का सख्त और संवेदनशील दोनों रूप देखने को मिला। एक ओर उन्होंने जनता को न्याय दिलाने का भरोसा दिया, वहीं दूसरी ओर अतिक्रमण की शिकायतों पर अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश देकर स्पष्ट संदेश दिया कि सार्वजनिक जमीनों पर अवैध कब्जे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किए जाएंगे। जनता दर्शन में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे थे। किसी ने राजस्व विवाद की समस्या रखी तो किसी ने पुलिस कार्रवाई में लापरवाही की शिकायत की। शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक सहायता और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मामलों को भी मुख्यमंत्री ने गंभीरता से सुना। हर फरियादी से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मथुरा के बुजुर्ग की शिकायत पर तुरंत एक्शन
कार्यक्रम के दौरान मथुरा से आए एक बुजुर्ग ने मुख्यमंत्री को बताया कि गांव के चकरोड पर अवैध अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे लोगों का रास्ता बाधित हो रहा है। स्थानीय स्तर पर शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। यह सुनते ही मुख्यमंत्री ने संबंधित जिलाधिकारी को तत्काल मौके पर जाकर जांच करने और अतिक्रमण पाए जाने पर उसे हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि सार्वजनिक मार्गों, सरकारी जमीनों और आम लोगों के अधिकारों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और विकास प्राधिकरणों को नियमित निगरानी रखने का भी आदेश दिया।
25 करोड़ जनता के साथ खड़ी है सरकार
मुख्यमंत्री ने जनता को भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार हर नागरिक की समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य केवल घोषणा करना नहीं, बल्कि अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। जनता को न्याय दिलाना और उनकी मूलभूत जरूरतों को पूरा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
गर्मी में स्वास्थ्य का भी रखा ख्याल
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने दूर-दराज से आए लोगों का हालचाल भी पूछा। भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को दोपहर की तेज धूप से बचने की सलाह दी। उन्होंने लोगों से पर्याप्त पानी पीने, संतुलित भोजन करने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
साफ संदेश: जनता को राहत, लापरवाहों पर कार्रवाई
लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन के जरिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर प्रशासनिक मशीनरी को स्पष्ट संदेश दिया कि जनता की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए। अतिक्रमण, राजस्व विवाद, पुलिस कार्रवाई और जनसुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जनता दर्शन से यह भी साफ हुआ कि सरकार सीधे जनता से संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान कराने की दिशा में लगातार सक्रिय है।
or advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

