10 साल में पहला कत्ल… 47 मुकदमे और आखिर पुलिस की गोली! महताब उर्फ बेचैन के खौफनाक अपराध साम्राज्य का अंत

Editorial
4 Min Read

उत्तर प्रदेश के शामली में पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश महताब उर्फ बेचैन मारा गया। किसान भाइयों से लूट के कुछ ही देर बाद पुलिस ने उसे घेर लिया। दोनों ओर से हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में महताब ढेर हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मुठभेड़ में एक दरोगा भी गोली लगने से घायल हुए।लेकिन महताब की कहानी सिर्फ एक एनकाउंटर की नहीं, बल्कि उस अपराधी की है जिसने महज 10 साल की उम्र में पहला कत्ल कर अपराध की दुनिया में कदम रखा और अगले 25 वर्षों तक यूपी, हरियाणा समेत कई राज्यों में दहशत का पर्याय बना रहा।

10 साल की उम्र… और पहला खून

महताब का अपराधी बनने का सफर वर्ष 2000 में शुरू हुआ। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसने कैराना निवासी 12 वर्षीय आरिफ को घर से बुलाकर अपने साथियों के साथ उसकी हत्या कर दी थी। मासूम के गले में उसके ही नाड़े से फंदा कसकर हत्या की गई थी। यह मामला आज भी जुवेनाइल कोर्ट में विचाराधीन है। यहीं से महताब का नाम अपराध की दुनिया में दर्ज हो गया।

जेबकतरे से खूंखार गैंगस्टर बनने तक

पहले जेब काटना, फिर चोरी और नकबजनी… धीरे-धीरे महताब का अपराध बढ़ता गया। इसके बाद उसने लूट, हत्या, रंगदारी और डकैती जैसी संगीन वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया।पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ शामली, सहारनपुर, पानीपत समेत कई जिलों में करीब 47 मुकदमे दर्ज थे। वह कुख्यात मुकीम काला गैंग का सक्रिय सदस्य भी था।

कर्नाटक तक भागा, विमान से वापस लाया गया

साल 2009 में हरियाणा के पानीपत में रोड होल्डअप के दौरान एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने के बाद महताब कर्नाटक भाग गया था। बाद में हरियाणा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर हवाई जहाज से वापस लाकर जेल भेजा था।

एक घंटे पहले लूट… फिर 12 किलोमीटर दूर एनकाउंटर

26 जून की रात महताब और उसके साथी ने दो किसान भाइयों से मोबाइल, नकदी और बाइक की चाबी लूट ली। विरोध करने पर फायरिंग भी की। सूचना मिलते ही पुलिस ने जिलेभर में घेराबंदी कर दी। करीब एक घंटे बाद और 12 किलोमीटर दूर कांधला क्षेत्र में पुलिस से आमना-सामना हुआ। बदमाशों ने पुलिस पर दर्जनों राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में महताब गोली लगने से घायल हुआ और अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मौके से मिला भारी हथियारों का जखीरा

 

पुलिस ने महताब के कब्जे से बरामद किए—

 

9 एमएम पिस्टल

कार्बाइन

13 जिंदा कारतूस

8 खोखे

बिना नंबर की बाइक

लूटा गया मोबाइल फोन

नकदी और बाइक की चाबी

देर शाम पैतृक कब्रिस्तान में दफनाया गया

पोस्टमार्टम के बाद महताब का शव उसके परिजनों को सौंपा गया। देर शाम कैराना स्थित पैतृक कब्रिस्तान में उसे सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। वहीं, पुलिस अब उसके फरार साथी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

read on:https://news7hindi.com/causes-of-pimples-pimples-are-appearing-again-and-again-on-the-face-know-its-7-major-reasons-easy-prevention-measures-and-correct-treatment/

or advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

Share This Article
Leave a Comment