‘विशाल’ निकला इरशाद! प्यार के नाम पर बड़ा धोखा

Editorial
8 Min Read

कानपुर कानपुर के पनकी क्षेत्र से सामने आया एक मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। आरोप है कि एक युवक ने अपनी पहचान छिपाकर पहले खुद को “विशाल” बताकर एक हिंदू युवती से प्रेम संबंध बनाए, फिर कोर्ट मैरिज की। बाद में उसकी असल पहचान इरशाद खान के रूप में सामने आई। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया, पूजा-पाठ से रोका गया, विरोध करने पर मारपीट की गई और उसे बच्चे समेत बंधक बनाकर रखा गया। इतना ही नहीं, इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर एक दूसरी युवती को भी अपनी पहचान छिपाकर प्रेमजाल में फंसाया और उससे भी शादी कर ली।पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी इरशाद को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, बंधक बनाने, मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों महिलाओं के बयान दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

सोशल मीडिया से शुरू हुई दोस्ती, प्यार और फिर धोखे की कहानी

हरदोई की रहने वाली पहली पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2017 में उसकी मुलाकात सोशल मीडिया के माध्यम से “विशाल” नाम के युवक से हुई थी। बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई। युवक ने खुद को हिंदू बताते हुए शादी का प्रस्ताव रखा और भविष्य के सुनहरे सपने दिखाए।परिजनों के विरोध के बावजूद युवती वर्ष 2018 में घर छोड़कर कानपुर पहुंच गई। दोनों कोर्ट मैरिज करने पहुंचे। पीड़िता का आरोप है कि यहीं दस्तावेज जमा कराने के दौरान उसे पहली बार पता चला कि जिस युवक को वह विशाल समझ रही थी, उसका वास्तविक नाम इरशाद खान है और वह आगरा के लोहामंडी क्षेत्र का रहने वाला है।पीड़िता के अनुसार उस समय वह परिवार से संबंध तोड़ चुकी थी और उसके पास कोई दूसरा सहारा नहीं था। मजबूरी में उसने शादी कर ली।

शादी के बाद बदल गया व्यवहार, धर्मांतरण का बनाया दबाव

महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही इरशाद का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। उसने पूजा-पाठ करने से रोकना शुरू कर दिया। कई बार जबरन मांस खिलाने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और लगातार धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया जाता था।पीड़िता के मुताबिक, शादी के बाद एक बेटे का जन्म हुआ। वह बेटे का नाम “आदि” रखना चाहती थी, लेकिन आरोपी ने उसकी इच्छा के विरुद्ध बच्चे का नाम “आरिस” रख दिया। जब बच्चा करीब ढाई साल का हुआ तो उसका खतना कराने की तैयारी की गई। महिला ने इसका विरोध किया तो उसे और उसके बच्चे को कमरे में बंद कर दिया गया।

 

दूसरी युवती को भी बनाया शिकार

मामले ने नया मोड़ तब लिया जब सामने आया कि आरोपी ने पहली पत्नी के रहते हुए दूसरी युवती को भी अपनी पहचान छिपाकर प्रेमजाल में फंसा लिया।उन्नाव की रहने वाली दूसरी युवती ने पुलिस को बताया कि करीब तीन वर्ष पहले वह किदवईनगर स्थित एक निजी कंपनी में इंटरव्यू देने गई थी। वहीं उसकी मुलाकात “विशाल” नाम के युवक से हुई। दोस्ती बढ़ी और दोनों ने करीब डेढ़ साल पहले शादी कर ली।युवती का आरोप है कि उसे यह जानकारी नहीं थी कि विशाल का वास्तविक नाम इरशाद है और वह पहले से शादीशुदा भी है। सात महीने पहले आरोपी उसे पनकी स्थित किराए के मकान में लेकर रहने लगा। फिलहाल दूसरी युवती छह माह की गर्भवती बताई जा रही है।

कैद जैसी जिंदगी, बाहर निकलने तक की नहीं थी इजाजत

पहली पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जनवरी 2026 में आरोपी उसे पनकी स्थित किराए के मकान में लेकर आया। यहां उसकी जिंदगी पूरी तरह कैद होकर रह गई। उसे घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं थी। किसी से बातचीत करने पर रोक थी। विरोध करने पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ती थी।महिला का कहना है कि कई महीनों तक उसने चुपचाप अत्याचार सहा, लेकिन जब हालात असहनीय हो गए तो किसी तरह उसे बजरंग दल के एक कार्यकर्ता का संपर्क नंबर मिला। उसने पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कराया रेस्क्यू

सूचना मिलने पर पनकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार मकान के एक कमरे में पहली महिला अपने बच्चे के साथ मिली, जबकि दूसरे कमरे में दूसरी युवती और आरोपी मौजूद थे। दोनों महिलाओं और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालकर थाने लाया गया।पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी इरशाद खान को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ धर्म परिवर्तन निषेध कानून सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पीड़िता बोली— सब कुछ उजड़ गया

पहली पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसने प्रेम में विश्वास करके अपना परिवार छोड़ दिया था, लेकिन बदले में उसे केवल धोखा, प्रताड़ना और कैद की जिंदगी मिली। उसने कहा कि अब उसका सब कुछ उजड़ चुका है। वह चाहती है कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिले ताकि किसी दूसरी लड़की के साथ ऐसा धोखा न हो।दूसरी युवती ने भी पुलिस को बताया कि यदि उसे पहले ही आरोपी की असली पहचान और पहली शादी की जानकारी होती तो वह कभी उसके साथ संबंध नहीं बनाती।

पुलिस कर रही हर पहलू की जांच

पनकी इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों महिलाओं के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की सभी परिस्थितियों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने अपनी पहचान छिपाकर किन-किन दस्तावेजों का इस्तेमाल किया और क्या इस तरह की घटनाओं में अन्य लोग भी शामिल थे।फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और लोग इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

read on:https://news7hindi.com/uproar-over-ram-temple-offering-dispute-500-lawyers-on-the-road-in-ayodhya/

or advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

Share This Article
Leave a Comment