गाजियाबाद उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक की सिर्फ इसलिए बेरहमी से हत्या कर दी गई क्योंकि उसने आरोपी का मजाक उड़ाते हुए उसे ‘भंगजी बाबा’ कह दिया था। आरोपी ने गुस्से में ऐसा खूनी खेल खेला कि शव की हालत देखकर पुलिस और ग्रामीणों के भी रोंगटे खड़े हो गए। युवक के शरीर पर दरांती से कई वार किए गए और शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया गया।पुलिस के अनुसार, मृतक तरुण उर्फ नमित मूल रूप से मुजफ्फरनगर के खतौली का रहने वाला था। वह पिछले दो वर्षों से अपने परिवार के साथ मोदीनगर के पूठरी गांव में किराए पर रह रहा था और परतापुर के गेझा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक गद्दा फैक्टरी में काम करता था।रविवार को फैक्टरी में अवकाश होने के कारण तरुण शाम करीब पांच बजे टहलने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और रात करीब साढ़े 11 बजे ग्राम प्रधान के माध्यम से पुलिस को उसके लापता होने की सूचना दी।

अगली सुबह गांव से करीब 500 मीटर दूर निवाड़ी-पूठरी संपर्क मार्ग के पास गन्ने के खेत में तरुण का शव पड़ा मिला। शव खून से लथपथ था और उस पर कई गंभीर चोटों के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जांच के दौरान पुलिस ने तेजी दिखाते हुए पूठरी गांव निवासी निरांचल उर्फ मंत्री (33) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई दरांती और मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पहले तरुण, गांव के ही प्रिंस और अन्य युवकों ने उसे ‘भंगजी बाबा’ कहकर मजाक उड़ाया था। वह इस बात से बेहद नाराज था और बदला लेने की फिराक में घूम रहा था।रविवार शाम जब उसने तरुण को अकेले जाते देखा तो उसका पीछा किया। रास्ते में फिर दोनों के बीच कहासुनी हुई। आरोपी के मुताबिक, तरुण ने दोबारा उसका मजाक उड़ाया, जिसके बाद उसने आपा खो दिया और दरांती से हमला कर दिया।पुलिस के अनुसार, आरोपी ने युवक पर कई बार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद उसने शव को सड़क से घसीटकर गन्ने के खेत में ले जाकर छिपाने की कोशिश की। उसने शव को बोरे में भरने का भी प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सका और मौके से फरार हो गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मजदूरी करता है और नशे का आदी है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान उसने खुद को तांत्रिक गतिविधियों में रुचि रखने वाला बताया। उसने यह भी दावा किया कि वारदात के बाद घटनास्थल पर कुछ धार्मिक श्लोक पढ़े और फिर मृतक का मोबाइल लेकर घर लौट गया।पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी पहले भी हिंसक व्यवहार कर चुका था। तीन दिन पहले उसने गांव के एक अन्य युवक प्रिंस पर भी हमला करने की कोशिश की थी, लेकिन ग्रामीणों के पहुंच जाने से वह अपनी मंशा में सफल नहीं हो पाया।इस हत्याकांड ने मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। तरुण परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की निर्मम हत्या के बाद मां, भाई और दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने आरोपी के लिए फांसी जैसी कड़ी सजा की मांग की है।घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि एक मामूली मजाक के कारण इतनी क्रूर हत्या की घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में प्रयुक्त दरांती और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए गए हैं। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।यह मामला एक बार फिर बताता है कि छोटी-सी कहासुनी और गुस्से में लिया गया फैसला किस तरह एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन सकता है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
or advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

