
ग्रेटर नोएडा उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक ऐसी खौफनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसे सुनकर पुलिस के भी होश उड़ गए हैं। यहाँ तुगलपुर गांव में रहने वाले किन्नर मनोरंजन शर्मा उर्फ चांदनी की निर्मम हत्या के मामले में नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वारदात को अंजाम देकर फरार चल रहे मुख्य आरोपी अभिषेक उर्फ मोना उर्फ मानव को पुलिस ने मंगलवार तड़के एक मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पुलिस पूछताछ में जो खुलासा किया, उसने हर किसी को सन्न कर दिया। हत्यारे ने कुबूल किया कि वह वारदात को अंजाम देने के बाद डरने या भागने के बजाय, दिनभर कमरे के अंदर किन्नर के शव के साथ ही सोया रहा।पुलिसिया पड़ताल में यह बात सामने आई है कि आरोपी अभिषेक, जो कि मूल रूप से अलीगढ़ का रहने वाला है, पिछले 7 सालों से किन्नर मनोरंजन शर्मा उर्फ चांदनी के साथ लिव-इन में रह रहा था। दोनों तुगलपुर गांव में एक किराए का कमरा लेकर साथ रहते थे। लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्तों में कड़वाहट आ गई थी। अभिषेक को शक था कि चांदनी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध हैं। वह अक्सर देर रात घर लौटती थी और किसी और से फोन पर बात करती थी, जिसे लेकर दोनों के बीच आए दिन शराब पीने के बाद भारी विवाद होता था। वारदात वाले दिन यानी रविवार को भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। गुस्साए अभिषेक ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए चांदनी के सिर के बाल पकड़े और उसे पूरी ताकत से दीवार में दे मारा। सिर में गहरी और घातक चोट लगने के कारण मौके पर ही चांदनी की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। 24 मई को शव मिलने के बाद एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया था। आखिरकार, सर्विलांस की मदद से पुलिस ने सेक्टर-148 मेट्रो लाइन के पास घेराबंदी की, जहां आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह धराशाई हो गया। पुलिस ने आरोपी को अस्पताल भेजने के साथ ही आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
for advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

