
मेरठ उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक ऐसा खौफनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर पुलिस के भी होश उड़ गए हैं। यहाँ भावनपुर थाना इलाके की गोकुलधाम सोसाइटी में एक कलयुगी बाप ने अपनी दूसरी पत्नी के साथ मिलकर अपनी ही 17 वर्षीय मासूम बेटी खुशी उर्फ खुशबू की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपियों ने समाज और कानून की नजरों से बचने के लिए सुबह-सुबह गुपचुप तरीके से शव का अंतिम संस्कार भी कर डाला। इस खूनी साजिश का भंडाफोड़ तब हुआ जब दोपहर के वक्त मृतका के मामा भूपेंद्र शर्मा को किसी पड़ोसी के जरिए भांजी की मौत की खबर मिली, जिसके बाद उन्होंने हापुड़ से मौके पर पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।शुरुआती पूछताछ में आरोपी पिता कपिल भारद्वाज और सौतेली मां पिंकी लगातार मनगढ़ंत कहानियां गढ़कर पुलिस को गुमराह करते रहे। आरोपी पिता कभी बेटी द्वारा मोबाइल चलाने तो कभी स्कूल से शिकायतें आने की बात कहकर अपनी हैवानियत को छुपाने की कोशिश करता रहा, जबकि सौतेली मां बीमारी से मौत का झूठा नाटक रचती रही। लेकिन जब पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मामले की गहनता से तफ्तीश की और महिला पुलिसकर्मियों ने कड़ाई से पूछताछ की, तो इस हत्या के पीछे की जो असली और खौफनाक वजह सामने आई, उसने सबको सन्न कर दिया।प्राथमिक जांच और पुलिसिया पड़ताल में यह चौंकाने वाला सच उजागर हुआ है कि इस ऑनर किलिंग या मामूली गुस्से के पीछे असल में जायदाद का लालच छिपा था। आरोपियों ने पहली पत्नी की बेटी खुशी की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी ताकि भविष्य में उसे संपत्ति में कोई हिस्सा न देना पड़े। जांच में यह बात भी साफ हुई है कि जब से सौतेली मां पिंकी के खुद की बेटी पैदा हुई थी, तब से ही दोनों आरोपियों ने पहली पत्नी की बेटी खुशी का उत्पीड़न और मानसिक शोषण करना शुरू कर दिया था। फिलहाल, एसएसपी अविनाश पांडेय के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी पिता कपिल को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है और सौतेली मां की भूमिका की सघन जांच के साथ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
for advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

