पराक्रम और शौर्य का प्रतीक राष्ट्र को समर्पित नौसेना शौर्य वाटिका

Editorial
3 Min Read

पराक्रम और शौर्य का प्रतीक राष्ट्र को समर्पित नौसेना शौर्य वाटिका का रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने किया उद्दघाटन 

लखनऊ: देश के रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने 30 मई को अपने संसदीय क्षेत्र में नौसेना शौर्य वाटिका का लोकार्पण किया। जल सीमाओं के सजग प्रहरियों की वीरता, अदम्य साहस एवं आधुनिक तकनीकी दक्षता को समर्पित नौसेना शौर्य वाटिका यानी नौसेना शौर्य संग्रहालय के द्वितीय चरण का निर्माण इकाना क्रिकेट स्टेडियम के नजदीक दो एकड़ में किया गया है।
रक्षा मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि लखनऊ की यह नौसेना वाटिका राष्ट्रभक्ति और सैन्य गौरव का प्रतीक है। नौसेना वाटिका भारतीय नौसेना की वीरता, शौर्य और राष्ट्र सेवा की गौरवशाली परंपरा को प्रदर्शित करती है। उन्होंने कहा कि यह वाटिका नई पीढ़ी को सशस्त्र बलों के त्याग, समर्पण और देशभक्ति से प्रेरित करेगी।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय नौसेना ने देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने नौसेना के जवानों के साहस और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्मारक देश के सैन्य इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि हम शीघ्र ही नौसेना के स्मारक में पनडुब्बी भी रखवाएंगे।

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा की युद्ध में भारतीय सेना को जीत दिलाने के बाद रखे गए टैंकों को प्रदेश के महत्वपूर्ण चौराहों पर स्थापित किया जाना चाहिए। इनसे युवाओं को प्रेरणा मिलेगी और लोगों में सेना और सैनिकों के प्रति सम्मान और बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि लखनऊ में आने वाला कोई भी व्यक्ति यहां भारत की परंपरा, विरासत तथा सुरक्षा से जुड़े किसी केंद्र का भ्रमण कर सकता है और उस पर गौरव की अनुभूति कर सकता है। इसी शृंखला में ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ एक नए केंद्र के रूप में यहां स्थापित हुई है।

इस परियोजना से लखनऊ के पर्यटन को काफ़ी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, साथ ही यह भारतीय नौसेना के इतिहास, रणनीतिक अभियानों और तकनीकी क्षमताओं के बारे में जागरूकता भी बढ़ाएगी। इस वाटिका को देशभक्ति की भावना जगाने और युवाओं में सशस्त्र बलों तथा रक्षा सेवाओं के प्रति अधिक रुचि पैदा करने के उद्देश्य से शुरू की गई एक पहल के रूप में भी देखा जा रहा है। उत्तर प्रदेश के पर्यटन और संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ देशभक्ति और सैन्य गौरव का एक नया प्रतीक बनेगी, और भावी पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा तथा बलिदान की भावना से प्रेरित करेगी।

Share This Article
Leave a Comment