
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन पर शुक्रवार को देशभर से बधाइयों का तांता लग गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, भाजपा सांसद हेमा मालिनी, रवि किशन समेत कई दिग्गज नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। वहीं, बसपा सुप्रीमो और प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई देकर राजनीतिक सौहार्द का संदेश दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की प्रगति के लिए योगी आदित्यनाथ का योगदान उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य किया है। प्रधानमंत्री ने उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना भी की। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अपने संदेश में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार सुशासन और जनकल्याण के नए मानक स्थापित कर रही है। उन्होंने ईश्वर से योगी आदित्यनाथ के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की प्रार्थना की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री योगी को उत्तर प्रदेश का लोकप्रिय और कर्मठ नेता बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश ने सुशासन, सुरक्षा, विकास और जनकल्याण के क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के दृढ़ संकल्प और अथक परिश्रम का ही परिणाम है कि उत्तर प्रदेश आज तेजी से प्रगति और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। राजनाथ सिंह ने ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य और जनसेवा के लिए निरंतर ऊर्जा प्रदान करने की कामना की।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी मुख्यमंत्री योगी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद, स्वस्थ और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। वहीं भाजपा सांसद एवं फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी ने अपने संदेश में कहा कि मथुरा के विकास को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उनकी बातचीत हमेशा सकारात्मक और प्रेरणादायक रहती है। उन्होंने कहा कि मथुरा के विकास को लेकर दोनों का विजन एक जैसा है और मुख्यमंत्री हमेशा सहयोग के लिए तत्पर रहते हैं। हेमा मालिनी ने योगी आदित्यनाथ के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। भाजपा सांसद रवि किशन ने भी मुख्यमंत्री योगी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना की। खास बात यह रही कि बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर संदेश जारी करते हुए उनके स्वस्थ जीवन और दीर्घायु होने की शुभकामनाएं दीं।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी उत्साह देखने को मिला। प्रदेश के विभिन्न जिलों में पूजा-पाठ, हवन, वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। सोशल मीडिया पर भी पूरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन की चर्चा छाई रही और शुभकामनाओं का सिलसिला लगातार जारी रहा।
read more:https://news7hindi.com/bjps-mega-mission-in-lucknow-land-purchased-for-45-crores/
or advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

