भोपा बाजार में दर्दनाक हादसा, माता-पिता की आंखों के सामने अनाथ हुआ 8 साल का बेटा

Editorial
3 Min Read

गोरखपुर के चौरीचौरा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। भोपा बाजार चौराहे पर तेज रफ्तार अज्ञात ट्रेलर ने बाइक सवार परिवार को ऐसी टक्कर मारी कि पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका आठ वर्षीय मासूम बेटा जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतकों की पहचान कुशीनगर जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के पुरैना गांव निवासी संत राज भारती (32) और उनकी पत्नी शीला देवी (30) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दंपती अपने आठ वर्षीय बेटे निगम राज के साथ अमडीहा स्थित रिश्तेदारी में आए थे। शुक्रवार सुबह परिवार बाइक से तरकुलहा देवी मंदिर में दर्शन के लिए निकला था। किसी को अंदाजा नहीं था कि आस्था की यह यात्रा उनके जीवन की आखिरी यात्रा बन जाएगी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही बाइक भोपा बाजार चौराहे पर पहुंची, तभी तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि संत राज और शीला देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में उनका मासूम बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क पर तड़पता रहा। स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी और घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। हादसे की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। एक ही पल में परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। मंदिर दर्शन के लिए निकला परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया और आठ साल का मासूम अपने माता-पिता को हमेशा के लिए खो बैठा। घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनकी वजह से आए दिन सड़कें लोगों की जान ले रही हैं।

read more:https://news7hindi.com/shower-of-wishes-on-cm-yogis-birthday-from-pm-modi-to-mayawati-congratulated/

or advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

 

Share This Article
Leave a Comment