भर्ती परीक्षा के बहाने सुनसान में ले गया ऑटो चालक, युवतियों से छेड़छाड़ के बाद हाफ एनकाउंटर में गिरफ्तार

Editorial
3 Min Read

लखनऊ राजधानी लखनऊ में सिपाही भर्ती परीक्षा देने जा रही दो महिला अभ्यर्थियों के साथ दरिंदगी की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तड़के चारबाग स्टेशन पहुंचीं युवतियां आलमबाग बस अड्डे जाने के लिए ऑटो में बैठीं, लेकिन चालक हसीब ने उन्हें गंतव्य तक पहुंचाने के बजाय सुनसान इलाके में ले जाकर छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने एक युवती के बाल पकड़कर मारपीट की और दोनों को धमकाने लगा। युवतियों की चीख-पुकार सुनकर जब एक राहगीर मौके की ओर दौड़ा तो आरोपी ऑटो समेत फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। परीक्षा छूटने की चिंता में डूबी दोनों अभ्यर्थियों को पुलिस ने अपनी निगरानी में रायबरेली स्थित परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया, ताकि उनका भविष्य प्रभावित न हो। परीक्षा से लौटने के बाद पीड़िताओं की तहरीर पर पारा थाने में मामला दर्ज किया गया।

इसके बाद आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने चारबाग, आलमबाग, मानकनगर और पारा क्षेत्र के करीब 30 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। घंटों की पड़ताल के बाद आरोपी की लोकेशन ट्रेस हुई। देर रात सूचना मिली कि वह मुन्नूखेड़ा इलाके में मौजूद है। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी।जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी और उसकी सारी दबंगई निकल गई। घायल हालत में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद हुआ है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह पहले भी गंभीर अपराधों में शामिल रहा है। वर्ष 2024 में हरदोई के संडीला में एक युवती से दुष्कर्म के मामले में वह जेल भी जा चुका है।पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की पूरी पड़ताल कर रही है। वहीं, भर्ती परीक्षा देने निकली युवतियों के साथ हुई इस वारदात ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article
Leave a Comment