“न प्यार मिला, न परिवार बचा! पति का कत्ल कर खुद चुन ली जेल, मासूम से छिना पिता का साया”

Editorial
6 Min Read

कानपुर के फीलखाना इलाके में सामने आया व्यापारी मनीष गुप्ता हत्याकांड अब सिर्फ एक हत्या का मामला नहीं, बल्कि टूटते रिश्तों, अविश्वास और एक मासूम बच्चे के बिखरते भविष्य की दर्दनाक कहानी बन गया है। प्रेम विवाह से शुरू हुई एक रिश्ते की कहानी का अंत खून से सने फर्श और जेल की सलाखों के पीछे पहुंची पत्नी के साथ हुआ। सबसे बड़ा सवाल अब उस छह वर्षीय मासूम विष्णु के भविष्य को लेकर खड़ा हो गया है, जिसने अपनी आंखों के सामने अपने पिता को लहूलुहान होते देखा। बताया जा रहा है कि कपूर कारोबारी मनीष गुप्ता और निहारिका ने वर्ष 2017 में प्रेम विवाह किया था। दोनों की जिंदगी सामान्य चल रही थी, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से रिश्तों में दरार गहराने लगी थी। परिजनों का आरोप है कि निहारिका की किसी दूसरे युवक से नजदीकियां बढ़ गई थीं, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। फोन पर घंटों बातचीत को लेकर घर में कई बार तनाव की स्थिति बनती थी।

 

घटना पांच जून की दोपहर की है। परिवार के मुताबिक निहारिका अपने कमरे में किसी से फोन पर बात कर रही थी। इसी बात को लेकर मनीष ने आपत्ति जताई। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ा कि निहारिका ने रसोई से चाकू उठाया और मनीष पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। उस वक्त कमरे में उनका छह साल का बेटा विष्णु भी मौजूद था, जिसने अपनी आंखों के सामने यह खौफनाक मंजर देखा। खून से लथपथ मनीष ने हिम्मत नहीं हारी। एक हाथ से अपने शरीर से बहता खून रोकते हुए और दूसरे हाथ से बेटे का हाथ पकड़कर वह करीब 500 मीटर दूर फीलखाना थाने पहुंचा। थाने पहुंचकर उसने पुलिस को पूरी घटना बताई। पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां कई दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद 16 जून को उसकी मौत हो गई। मनीष की मौत के बाद परिवार का गुस्सा और दर्द दोनों बढ़ गए हैं। परिजनों का आरोप है कि पुलिस अभी तक आरोपी महिला का मोबाइल फोन कब्जे में नहीं ले सकी है, जबकि उसी मोबाइल में कई अहम सुराग छिपे हो सकते हैं। उनका कहना है कि मोबाइल की चैट और कॉल रिकॉर्ड से उस कथित युवक तक पहुंचा जा सकता है, जिससे महिला की बातचीत होती थी।

 

मृतक के पिता रामकिशोर ने भावुक होकर कहा,

“अगर बहू को हमारे बेटे के साथ नहीं रहना था तो वह तलाक ले लेती। कम से कम बच्चे के सिर से मां-बाप दोनों का साया तो नहीं उठता। उसने एक पल में सब कुछ खत्म कर दिया। खुद जेल चली गई और हमारे बेटे को भी हमसे छीन लिया। अब सबसे बड़ी चिंता हमारे पोते विष्णु की है। हमारी भी उम्र हो चुकी है, पता नहीं उसके भविष्य का क्या होगा।”

परिवार का कहना है कि मनीष उनका इकलौता बेटा था और अब उसके जाने के बाद पूरा परिवार टूट गया है। घर में जहां पहले बेटे की हंसी गूंजती थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। दादा-दादी की आंखों में हर वक्त अपने पोते के भविष्य को लेकर चिंता साफ दिखाई देती है। दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।

फीलखाना इंस्पेक्टर अभय सिंह ने कहा,

“फिलहाल आरोपी महिला के फोन की सीडीआर के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मोबाइल को भी जल्द कब्जे में लेकर उसकी जांच की जाएगी। मामले के हर पहलू की पड़ताल की जा रही है।”

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआत में जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन मनीष की मौत के बाद अब मामले में हत्या की धारा जोड़कर कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि हत्या के पीछे सिर्फ पारिवारिक विवाद था या फिर इसके पीछे कोई और वजह भी थी।

एसीपी कोतवाली अमित पांडेय ने बताया,

“परिजनों ने आरोपी महिला के किसी अन्य युवक से संबंध होने का आरोप लगाया है। इसी आधार पर पहले तहरीर दी गई थी और जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया था। अब पीड़ित की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा बढ़ाई जा रही है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।”

इस हत्याकांड ने एक बार फिर रिश्तों में बढ़ते अविश्वास और टूटते पारिवारिक मूल्यों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस प्रेम कहानी ने सात फेरों के साथ नई शुरुआत की थी, उसका अंत खून, आंसू और जेल की सलाखों के पीछे हुआ। एक ओर पति की मौत हो गई, दूसरी ओर पत्नी जेल पहुंच गई और सबसे बड़ा नुकसान उस मासूम बच्चे का हुआ, जिसने एक ही झटके में अपने माता-पिता दोनों को खो दिया। अब पूरा शहर इसी सवाल का जवाब तलाश रहा है कि आखिर उस छह साल के विष्णु का भविष्य किस दिशा में जाएगा।

read on:https://news7hindi.com/sanjay-raut-again-angry-at-traitor-dishonest-and-deceitful-rebel-mps/

or advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

Share This Article
Leave a Comment