चारबाग स्टेशन पर बड़ा हादसा, ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों पर गिरा टिनशेड

Editorial
3 Min Read

लखनऊ राजधानी लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर लगा टिनशेड अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे वहां मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो यात्री और एक टीटीई घायल हो गए। घटना सुबह करीब आठ बजे की बताई जा रही है, जब प्लेटफॉर्म पर यात्री हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे थे।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक तेज आवाज के साथ प्लेटफॉर्म पर लगा टिनशेड नीचे आ गिरा। हादसे के समय प्लेटफॉर्म पर काफी संख्या में यात्री मौजूद थे। टिनशेड गिरते ही यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और जीआरपी की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

 

हादसे में घायल यात्रियों की पहचान अभिषेक कुमार और साहिल के रूप में हुई है। दोनों हरिद्वार जाने के लिए स्टेशन पहुंचे थे और हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे थे। वहीं ड्यूटी पर तैनात टीटीई भूपेंद्र सिंह भी हादसे में घायल हो गए। तीनों घायलों को तत्काल रेलवे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार एक यात्री के पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि अन्य को हल्की चोटें आई हैं।घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस को कुछ देर के लिए प्लेटफॉर्म पर आने से रोक दिया। राहत और बचाव कार्य पूरा होने के बाद प्लेटफॉर्म से मलबा हटाया गया और स्थिति को सामान्य किया गया। रेलवे अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण भी किया।प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि टिनशेड काफी पुराना था और कमजोर हो चुका था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। हालांकि रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी इस हादसे के बाद स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से स्टेशन परिसर की नियमित जांच और रखरखाव की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

read more:https://news7hindi.com/uproar-in-lok-sabha-over-lpg-crisis-house-adjourned/

or advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

Share This Article
Leave a Comment