
बिहार के समस्तीपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के भागीरथपुर पंचायत में 10 वर्षीय मासूम बच्ची का शव बोरी में बंधा मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में आक्रोश और मातम का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृत बच्ची की पहचान भागीरथपुर निवासी एक परिवार की 10 वर्षीय बेटी के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि गांव का ही एक युवक बच्ची को साइकिल चलाने के बहाने अपने साथ ले गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। शाम तक बच्ची के वापस न आने पर परिवार के लोग चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू की।खोजबीन के दौरान परिजन और ग्रामीण उस युवक के घर पहुंचे, जिस पर बच्ची को अपने साथ ले जाने का आरोप है। पूछताछ के दौरान कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। इसी बीच युवक के घर के पीछे एक बोरी संदिग्ध हालत में मिली। जब बोरी खोली गई तो उसके अंदर बच्ची का शव देखकर लोगों के होश उड़ गए। घटना की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने बच्ची के साथ गंभीर अपराध किए जाने और उसके बाद हत्या कर शव छिपाने की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच पूरी होने का इंतजार करने की बात कही है।सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच की निगरानी कर रहे हैं।पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बच्ची की अंतिम गतिविधियों और संदिग्ध लोगों की पहचान की जा सके। वहीं जिस युवक पर परिजन आरोप लगा रहे हैं, उसके घर पर ताला लगा मिला और वह फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।फिलहाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है और लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
or advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

