रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट में पूरी दुनिया के सामने भारत की बढ़ती ताकत का लोहा मनवाया है। उन्होंने पुरजोर तरीके से कहा कि मौजूदा दशक पूरी तरह से भारत का है और यह कोई तुक्का या संयोग नहीं, बल्कि हर भारतीय की दृढ़ इच्छाशक्ति, अटूट भरोसे और देश के सामूहिक संकल्प का नतीजा है। आज जब पूरी दुनिया बड़े आर्थिक और तकनीकी बदलावों के दौर से गुजर रही है, तब मुकेश अंबानी ने इन वैश्विक चुनौतियों को डर या परेशानी के रूप में देखने के बजाय, इन्हें नए सिरे से सोचने और एक ऐतिहासिक अवसर के रूप में भुनाने की वकालत की है। उनके अनुसार, आज उद्योगों, उन्नत तकनीकों और देशों के बीच की भौगोलिक सीमाएं फिर से लिखी जा रही हैं। ग्लोबल सप्लाई चेन में आ रहे बड़े बदलाव, रिन्यूएबल एनर्जी की तरफ तेजी से बढ़ता झुकाव और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) व डेटा का बढ़ता जाल आधुनिक दुनिया का पूरा ढांचे बदल रहा है।

इस बदलते दौर के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज ने एक ऐसा नया इतिहास रच दिया है, जिसने कॉरपोरेट जगत में तहलका मचा दिया है। रिलायंस वित्त वर्ष 2026 में 10 अरब डॉलर (करीब 83,000 करोड़ रुपये से अधिक) का सालाना शुद्ध मुनाफा कमाने वाली भारत की पहली कंपनी बन गई है। इतना ही नहीं, कंपनी का कुल राजस्व भी 120 अरब डॉलर के पार पहुंच गया है, जबकि इसका मार्केट कैपिटलाइजेशन 18.26 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर है।भविष्य की इस जंग को जीतने के लिए रिलायंस ने ‘रिलायंस इंटेलिजेंस’ नाम से एक नई कंपनी की शुरुआत कर एआई (AI) सेक्टर में बहुत बड़ा दांव खेला है। मुकेश अंबानी का विजन है कि एआई की ताकत सिर्फ चंद अमीर हाथों तक सीमित न रहे, बल्कि इसका पूरी तरह से लोकतांत्रीकरण हो। वे भारत में ही तैयार की गई ‘सॉवरेन एआई’ क्षमताओं को विकसित कर रहे हैं, ताकि देश के हर आम नागरिक, छोटे व्यापारियों और संस्थानों को इसका सीधा लाभ मिल सके और जियो (Jio) वैश्विक डिजिटल क्रांति का नेतृत्व करे।डिजिटल दुनिया के साथ-साथ रिलायंस देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए गुजरात के जामनगर में ‘धीरूभाई अंबानी ग्रीन एनर्जी गीगा कॉम्प्लेक्स’ पर युद्ध स्तर पर काम कर रही है। यहां सोलर पीवी मैन्युफैक्चरिंग और ग्रीन एनर्जी इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा, रिलायंस रिटेल के जरिए घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है और पारंपरिक ‘ऑयल-टू-केमिकल्स’ बिजनेस को भविष्य के उच्च-मूल्य वाले मटीरियल के हिसाब से ढाला जा रहा है। साफ है कि मुकेश अंबानी बदलावों से घबराने के बजाय उन्हें अपनी ताकत बना रहे हैं, जो रिलायंस को ग्लोबल लीडर और भारत को एक महाशक्ति बनाने की दिशा में सबसे बड़ा कदम है।
for advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

