
अमेठी उत्तर प्रदेश के अमेठी से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है, जहां समाजवादी पार्टी की विधायक महाराजी प्रजापति के आवास पर दबंगों ने धाबा बोल दिया। अमेठी कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी स्थित विधायक के घर पर देर शाम करीब 8:30 बजे दो दर्जन से अधिक लाठी-डंडों से लैस बदमाश दो स्कॉर्पियो और कई अन्य गाड़ियों से पहुंचे। इन बदमाशों ने घर में मौजूद लोगों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर विधायक के भतीजे और वहां काम करने वाले कर्मचारियों को बेरहमी से पीटा गया। दबंग पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस पूरे विवाद की जड़ कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर की गई एक टिप्पणी (कमेंट) को माना जा रहा है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि घटना में शामिल सभी आरोपी समाजवादी पार्टी के ही नेता और कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही अमेठी कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश में जुट गई। इस हमले के बाद से विधायक समर्थकों में जबरदस्त आक्रोश देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर जमा हो गए हैं।

विधायक के बेटे अनुराग प्रजापति ने इस मामले में अमेठी कोतवाली में नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने शेर बहादुर यादव, बृजेश यादव, जय सिंह प्रताप, बलराम यादव, अनुराग यादव, मनु पाल, विपिन यादव, राजेश यादव और शुभम यादव समेत नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रातभर कई ठिकानों पर दबिश दी और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।इस बीच विधायक पुत्र अनुराग प्रजापति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है और सपा मुखिया अखिलेश यादव से मांग की है कि इन आरोपियों को तुरंत पार्टी से निष्कासित कर सख्त कार्रवाई की जाए। घटना के अगले दिन विधायक आवास के बाहर सन्नाटा पसरा रहा, लेकिन अंदर रणनीतियों का दौर चलता रहा। अनुराग प्रजापति ने साफ किया है कि घटना के वक्त विधायक महाराजी देवी लखनऊ में थीं। वह जल्द ही पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर उन्हें इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी देंगी, जिसके बाद आगे का कोई बड़ा फैसला लिया जाएगा। इस वारदात के बाद से जिले का राजनीतिक तापमान पूरी तरह गरमा गया है|
read more:https://news7hindi.com/west-bengal-election-transfer-order-of-13-ias-officers/
for advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

