
वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से देश के विमानन क्षेत्र में एक नई उड़ान की शुरुआत हुई है। गुरुवार को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर से एयर इंडिया की बहुप्रतीक्षित ‘हब एंड स्पोक’ विमान सेवा का शुभारंभ किया गया। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने इस ऐतिहासिक पहल का उद्घाटन करते हुए चार यात्रियों को बोर्डिंग पास सौंपे और इसे भारत को वैश्विक विमानन केंद्र बनाने की दिशा में बड़ा कदम बताया। स नई व्यवस्था के तहत अब वाराणसी से दिल्ली पहुंचने वाले यात्रियों को दुनिया के दर्जनों प्रमुख अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक आसान और बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। यूरोप, उत्तरी अमेरिका, खाड़ी देशों, दक्षिण-पूर्व एशिया और अन्य वैश्विक शहरों तक पहुंच पहले की तुलना में अधिक सुगम हो जाएगी। माना जा रहा है कि इस पहल से पूर्वांचल के लाखों यात्रियों, छात्रों, व्यापारियों, उद्योगपतियों और पर्यटकों को सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने कहा कि काशी केवल एक शहर नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक चेतना का केंद्र है। उन्होंने कहा कि यहां की हवा, पानी, धरती और मिट्टी के हर कण में भगवान शंकर की शक्ति का एहसास होता है। ऐसे पवित्र शहर से शुरू हो रही यह सेवा देश के विमानन इतिहास में नया अध्याय लिखेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत जिस तेजी से विकास कर रहा है, उसी का परिणाम है कि आज देश वैश्विक विमानन मानचित्र पर मजबूत पहचान बना रहा है। मंत्री ने कहा कि भारत लंबे समय से ऐसी व्यवस्था का इंतजार कर रहा था, जिसके माध्यम से छोटे और मध्यम शहरों को विश्वस्तरीय एयर नेटवर्क से जोड़ा जा सके। वाराणसी से शुरू हुई यह पहल आने वाले समय में देश के अन्य शहरों के लिए भी मॉडल साबित होगी।
कार्यक्रम में मौजूद नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत के विमानन क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव आया है। वर्ष 2014 में देश में जहां केवल 74 हवाई अड्डे संचालित थे, वहीं आज इनकी संख्या बढ़कर 160 से अधिक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इतनी कम अवधि में विमानन ढांचे का इतना बड़ा विस्तार दुनिया के लिए भी आश्चर्य का विषय है। समीर कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हवाई यात्रा आम नागरिकों की पहुंच में आई है। यात्रियों की संख्या दोगुनी हुई है और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ाने के लिए लगातार नई योजनाएं लागू की जा रही हैं। उनका कहना था कि भारत आज दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते विमानन बाजारों में शामिल है।एयर इंडिया ने भी इस नई सेवा को प्रधानमंत्री के उस विजन से जोड़ा है, जिसके तहत भारत को अंतरराष्ट्रीय विमानन हब के रूप में विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। एयर इंडिया के अधिकारियों के अनुसार, ‘हब एंड स्पोक’ मॉडल में क्षेत्रीय शहरों को एक बड़े विमानन केंद्र यानी हब से जोड़ा जाता है। इसके बाद यात्री उसी हब के माध्यम से दुनिया के विभिन्न देशों और शहरों तक आसानी से यात्रा कर सकते हैं।
एयर इंडिया के स्टेशन मैनेजर आतिफ इदरीश ने बताया कि नई व्यवस्था यात्रियों को अधिक विकल्प, कम ट्रांजिट परेशानी और बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि वाराणसी धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से विश्व प्रसिद्ध शहर है। ऐसे में इसे वैश्विक एयर नेटवर्क से जोड़ना एयर इंडिया की दीर्घकालिक रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।वाराणसी एयरपोर्ट के निदेशक पुनीत गुप्ता ने कहा कि यह सेवा पूर्वांचल के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। अंतरराष्ट्रीय संपर्क बढ़ने से पर्यटन उद्योग को नई गति मिलेगी। साथ ही व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि काशी आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होने की पूरी संभावना है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस सेवा से केवल वाराणसी ही नहीं, बल्कि गोरखपुर, प्रयागराज, आजमगढ़, मऊ, जौनपुर, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर और सोनभद्र जैसे जिलों के लोगों को भी फायदा मिलेगा। अब अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए उन्हें बड़े महानगरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।कार्यक्रम में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष बिपिन कुमार, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अपर सचिव पुनीत कंसल, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी, एयर इंडिया के प्रतिनिधि और एयरपोर्ट प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने इस पहल को पूर्वांचल को वैश्विक मंच से जोड़ने वाला ऐतिहासिक कदम बताया।वाराणसी से शुरू हुई यह नई उड़ान सेवा केवल हवाई संपर्क का विस्तार नहीं है, बल्कि यह पूर्वांचल की आर्थिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संभावनाओं को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। आने वाले समय में इसका प्रभाव पूरे क्षेत्र के विकास और वैश्विक जुड़ाव पर स्पष्ट रूप से दिखाई देगा।
or advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

