प्रसूता और नवजात की मौत से मचा कोहराम! निजी अस्पताल पर लापरवाही का आरोप, शव रखकर परिजनों का उग्र प्रदर्शन

Editorial
4 Min Read

रिपोर्ट:दीपचंद्र दीक्षित

फर्रुखाबाद में एक निजी अस्पताल की कथित लापरवाही ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। प्रसव के लिए भर्ती कराई गई महिला और उसकी नवजात बच्ची की मौत के बाद अस्पताल के बाहर ऐसा हंगामा मचा कि पूरा इलाका तनावपूर्ण माहौल में बदल गया। गुस्साए परिजनों ने मां-बेटी के शव अस्पताल के गेट पर रखकर जमकर प्रदर्शन किया और अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही, गलत उपचार तथा मरीज को भगवान भरोसे छोड़ देने का आरोप लगाया।घटना शहर के आवास विकास क्षेत्र स्थित मदर केयर हॉस्पिटल की है। नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव नवादा सिरौली निवासी शिवानी, पत्नी अभिषेक प्रजापति, को गुरुवार शाम प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार सुबह शिवानी ने एक बच्ची को जन्म दिया, लेकिन जन्म के कुछ ही समय बाद नवजात की मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि बच्ची की मौत के बाद भी अस्पताल प्रशासन ने प्रसूता की बिगड़ती हालत को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने कई बार डॉक्टरों और स्टाफ से इलाज की गुहार लगाई, लेकिन समय पर उचित चिकित्सा नहीं मिली। आरोप यह भी है कि महिला की हालत बेहद गंभीर होने पर अस्पताल का स्टाफ मौके से गायब हो गया, जिससे परिजन पूरी तरह असहाय हो गए।जब शिवानी की तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई तो परिजन उसे निजी वाहन से कानपुर लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में उत्तरीपुरा के पास उसकी भी मौत हो गई। पास के एक अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मां की मौत की खबर मिलते ही परिजन नवजात और प्रसूता दोनों के शव लेकर दोबारा मदर केयर हॉस्पिटल पहुंचे और अस्पताल के मुख्य द्वार पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों का कहना था कि अगर अस्पताल समय पर सही इलाज देता और जिम्मेदारी निभाता तो मां-बेटी दोनों की जान बच सकती थी।हंगामे की सूचना मिलते ही कादरी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू करनी चाही, लेकिन परिजनों ने पंचनामा भरने से साफ इनकार कर दिया। उनका कहना था कि पहले अस्पताल संचालकों और संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए, उसके बाद ही वे आगे की कानूनी प्रक्रिया में सहयोग करेंगे।काफी देर तक पुलिस अधिकारियों और मृतका के परिजनों के बीच बातचीत चलती रही, लेकिन परिजन दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। घटना के बाद अस्पताल परिसर के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों के आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है। वहीं, इस पूरे मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि जांच में लापरवाही की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

read on:https://news7hindi.com/students-anger-over-neet-paper-leak-demands-removal-of-dharmendra-pradhan-from-president/

or advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

Share This Article
Leave a Comment