वाराणसी में सुरक्षा पर बड़ा सवाल: जीएसटी अफसर के ससुर के घर से ढाई करोड़ की चोरी

Editorial
6 Min Read

वाराणसी में चोरी की एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने न सिर्फ पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि शहर के संभ्रांत इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है। शिवपुर थाना क्षेत्र के गणेशपुर स्थित एक बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब ढाई करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के हीरे, सोने और चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि चोर घर में करीब तीन घंटे तक आराम से डटे रहे, एसी चलाकर पूरे मकान को खंगालते रहे और जाते-जाते सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि उनके खिलाफ कोई सबूत न बच सके। यह हाईप्रोफाइल चोरी मेरठ में तैनात जीएसटी अधिकारी शैलेंद्र सिंह के ससुर कुमार विनोद के घर में हुई। कुमार विनोद मूल रूप से बिहार के सासाराम जनपद के निवासी हैं और वाराणसी के गणेशपुर इलाके में अपने परिवार के साथ रहते हैं। वह प्रसिद्ध संत स्वामी अड़गड़ानंद महाराज के शिष्य भी बताए जाते हैं। एक जून को वह अपने परिवार के साथ बिहार में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके बंद मकान को अपना निशाना बना लिया।

जानकारी के अनुसार, कुमार विनोद ने दो जून की रात करीब 10 बजे तक मोबाइल के जरिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी की थी। उस समय सब कुछ सामान्य दिखाई दे रहा था। लेकिन अगले दिन सुबह कैमरों का फीड बंद हो गया। शुरुआत में इसे तकनीकी खराबी समझा गया, लेकिन चार जून की शाम पड़ोसियों ने फोन कर घर का मुख्य दरवाजा खुला होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य वाराणसी पहुंचे और रात में जब घर का निरीक्षण किया तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। मकान के मुख्य दरवाजे और कमरों के ताले टूटे हुए थे। घर का लगभग हर कमरा अस्त-व्यस्त था। अलमारियां खुली पड़ी थीं और सामान बिखरा हुआ था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि चोर पीछे की बाउंड्री फांदकर घर में दाखिल हुए थे। इसके बाद उन्होंने बेहद सुनियोजित तरीके से पूरे दो मंजिला मकान की तलाशी ली। पुलिस के अनुसार चोरों ने लगभग तीन घंटे तक घर में रुककर हर कोने को खंगाला और इस दौरान एसी भी चलाते रहे, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्हें किसी तरह की जल्दबाजी नहीं थी।

 

पीड़ित परिवार के अनुसार घर से कुल 1.90 लाख रुपये नकद चोरी हुए हैं। इसके अलावा ढाई करोड़ रुपये से अधिक कीमत के सोने, हीरे और चांदी के आभूषण गायब हैं। चोरी गए सामान में हीरे का मंगलसूत्र, सोने के आठ हार, 12 सेट चूड़ियां, चार कड़े, कई सोने की चेन, सिकड़ियां, अंगूठियां, नथिया, टीका, माला, कान की बालियां, चांदी के 75 से अधिक सिक्के, पायल, चांदी के बर्तन और धार्मिक महत्व की विशेष अंगूठियां शामिल हैं। इतना ही नहीं, चोर स्वामी अड़गड़ानंद महाराज की सोने से जड़ी फोटो फ्रेम भी अपने साथ ले गए। परिवार का कहना है कि चोरी हुए अधिकांश गहने पुश्तैनी थे और वर्षों से सुरक्षित रखे गए थे। कुमार विनोद के पुत्र वैभव कुमार सिंह के अनुसार उनकी मां, पत्नी और बहन के आभूषण भी इसी मकान में रखे गए थे। उनकी बहन विनीता सिंह के पति शैलेंद्र सिंह मेरठ में जीएसटी विभाग में अधिकारी हैं और लगातार तबादलों के कारण उनके कीमती गहने भी वाराणसी स्थित इसी घर में सुरक्षित रखे गए थे। घटना को और भी रहस्यमय बनाता है परिवार का वह आरोप, जिसमें घर की साफ-सफाई, दूध वितरण और बागवानी का काम करने वाले एक व्यक्ति पर शक जताया गया है। परिवार का दावा है कि उसे घर के सभी सदस्यों के बाहर जाने की जानकारी थी और घटना के बाद से वह संपर्क में नहीं है। पुलिस इस एंगल पर भी गंभीरता से जांच कर रही है। वारदात की सूचना मिलते ही डीसीपी वरुणा जोन, एडीसीपी, एसीपी कैंट, शिवपुर थाना पुलिस, एसओजी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। हालांकि चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, लेकिन आसपास के इलाकों में लगे कैमरों के फुटेज पुलिस के हाथ लगे हैं। इन्हीं फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। वाराणसी में यह हाल के वर्षों की सबसे बड़ी चोरी की घटनाओं में से एक मानी जा रही है। इससे पहले संकट मोचन मंदिर के महंत के घर भी करोड़ों रुपये के आभूषण चोरी होने की घटना सामने आई थी। अब जीएसटी अधिकारी के ससुर के घर हुई इस बड़ी चोरी ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर कई टीमों का गठन किया है और दावा किया है कि जल्द ही इस हाईप्रोफाइल चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

read on:https://news7hindi.com/yogi-governments-big-gift-to-teachers-and-employees-will-be-free-cashless-treatment/

or advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

Share This Article
Leave a Comment