रिपोर्ट : मो. अरशद
मुरादाबाद देश की सबसे बड़ी प्रशासनिक कवायद जनगणना-2027 को लेकर मुरादाबाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा एवं प्रशिक्षण बैठक में जिलाधिकारी एवं जिला प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने साफ शब्दों में कहा कि जनगणना में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गलत आंकड़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
DCHB क्यों है इतना अहम? विकास की पूरी तस्वीर इसी दस्तावेज़ से होगी तय
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (District Census Handbook-DCHB) केवल एक सरकारी दस्तावेज नहीं बल्कि जिले की सामाजिक, आर्थिक, प्रशासनिक और विकास संबंधी पूरी तस्वीर पेश करने वाला महत्वपूर्ण रिकॉर्ड है। सरकार की योजनाएं, बजट, विकास परियोजनाएं और नीति निर्माण इसी दस्तावेज के आंकड़ों पर आधारित होते हैं। इसलिए हर सूचना पूरी तरह सत्यापित और त्रुटिरहित होनी चाहिए।

समयसीमा तय, अधिकारियों को मिला सख्त आदेश
डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों के आंकड़ों का समयबद्ध संकलन करें और निर्धारित प्रारूप में ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और सभी विभाग तय समयसीमा में काम पूरा करें।
पहले ऑफलाइन तैयारी, फिर होगी ऑनलाइन फीडिंग
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी विभाग पहले अपने आंकड़ों को हार्ड कॉपी में तैयार करें, उसके बाद ही ऑनलाइन पोर्टल पर डेटा फीड करें। इससे आंकड़ों की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित होगी तथा त्रुटियों की संभावना काफी कम हो जाएगी।

अधिकारियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
बैठक में राजस्व निरीक्षकों और तकनीकी सहायकों को डीसीएचबी मॉड्यूल और ऑनलाइन पोर्टल पर डेटा एंट्री की पूरी प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही निर्देश दिए गए कि यदि पोर्टल पर किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आती है तो उसका तत्काल समाधान कराया जाए, ताकि कार्य प्रभावित न हो।

25 जुलाई तक पूरा होगा प्रशिक्षण अभियान
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 25 जुलाई 2026 तक सभी संबंधित अधिकारियों का प्रशिक्षण हर हाल में पूरा किया जाए। इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश भी जारी किए गए।
डीएम का साफ संदेश— ‘सही आंकड़े ही सही विकास की नींव’
डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने कहा कि जनगणना केवल आबादी गिनने का कार्य नहीं है, बल्कि भविष्य की सरकारी योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, रोजगार और विकास की दिशा तय करने वाला सबसे महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए हर अधिकारी इस कार्य को राष्ट्रीय दायित्व मानते हुए पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरा करे।उन्होंने दो टूक कहा कि जनगणना-2027 के कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही, गलत आंकड़े या समयसीमा का उल्लंघन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर नगर आयुक्त, समस्त उपजिलाधिकारी, सहायक नगर आयुक्त, सभी चार्ज अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, तकनीकी सहायक तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। मुरादाबाद प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जनगणना-2027 केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि जिले के भविष्य की विकास यात्रा का आधार है। ऐसे में हर आंकड़ा सटीक होगा, हर विभाग जवाबदेह होगा और तय समय में पूरा काम सुनिश्चित किया जाएगा।
or advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

