लखनऊ दहल उठा: दिनदहाड़े रियल एस्टेट कारोबारी की सरेआम हत्या

Editorial
4 Min Read

लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का पॉश इलाका बुधवार को उस वक्त गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा उठा, जब दिनदहाड़े एक नामचीन रियल एस्टेट कारोबारी की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात पीजीआई थाना क्षेत्र के कल्ली पश्चिम इलाके की है, जहां बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने इस खूनी खेल को अंजाम दिया। हमलावरों ने कारोबारी को निशाना बनाते हुए एक के बाद एक तीन गोलियां दाग दीं। खून से लथपथ कारोबारी को गंभीर हालत में एपेक्स ट्रामा सेंटर भर्ती कराया गया, जहां देर शाम इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक कारोबारी की पहचान 40 वर्षीय संदीप कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले थे। संदीप वर्तमान में पीजीआई के वृंदावन कालिंदी पार्क के पास किराए के मकान में रहकर प्रॉपर्टी डीलिंग का बड़ा कारोबार संभाल रहे थे। कल्ली पश्चिम इलाके में उनका मुख्य दफ्तर है। रोज की तरह बुधवार दोपहर करीब 12 बजे वह अपने कर्मचारी विपिन कुमार के साथ कार से दफ्तर के लिए निकले थे। करीब आधे घंटे बाद जैसे ही उनकी कार दफ्तर के बाहर रुकी, संदीप गाड़ी से उतरे और फोन पर बात करते हुए ऑफिस की तरफ बढ़ने लगे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन पर हमला बोल दिया।

वारदात का जो सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, वह रोंगटे खड़े कर देने वाला है। शूटरों ने पूरी वारदात को महज 50 सेकंड के भीतर अंजाम दिया। फुटेज में साफ दिख रहा है कि सफेद गमछा लपेटे एक शूटर अचानक संदीप के करीब आता है और बेहद करीब से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर देता है। हमलावर ने संदीप को निशाना बनाकर तीन गोलियां मारीं—एक गोली उनके सीने में, दूसरी पेट में और तीसरी सीधे सिर में जा धंसी। गोली लगते ही संदीप लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद शूटर चंद कदमों की दूरी पर हेलमेट पहनकर बाइक स्टार्ट किए खड़े अपने दूसरे साथी के साथ रायबरेली मुख्य सड़क की तरफ तेजी से फरार हो गया।गोली चलने की आवाज और चीख-पुकार सुनकर कार में बैठा कर्मचारी विपिन तुरंत बाहर भागा और मदद के लिए शोर मचाया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में संदीप को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और डीसीपी साउथ अमित आनंद मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है।डीसीपी साउथ अमित आनंद ने बताया कि हत्यारों की धरपकड़ के लिए पुलिस और क्राइम ब्रांच की कई टीमें लगा दी गई हैं। शुरुआती जांच में यह मामला जमीनी विवाद, रुपयों के लेनदेन या किसी पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ नजर आ रहा है। फुटेज देखकर साफ है कि शूटर पेशेवर थे और उन्हें संदीप के आने-जाने के समय की सटीक रेकी थी। पुलिस संदीप के करीबियों और बिजनेस पार्टनर्स से भी पूछताछ कर रही है ताकि जल्द से जल्द इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

read more:https://news7hindi.com/ebola-hits-india-woman-arriving-in-bengaluru-from-uganda-shows-suspicious-symptoms-shifted-to-isolation-ward-directly-from-airport/

for advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

Share This Article
Leave a Comment