
लखनऊ उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिनों से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है। तेज आंधी, बारिश और कई जगहों पर ओलावृष्टि ने जनजीवन को प्रभावित किया है। खराब मौसम के कारण प्रदेश में अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई स्थानों पर पेड़ और दीवारें गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को भी प्रदेश के 63 जिलों में तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के अधिकांश जिलों में दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया। घने बादलों के बीच तेज हवाएं चलीं, जिनकी रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई। कासगंज, मैनपुरी और अमरोहा में ओलावृष्टि भी हुई। संभल, हाथरस, गोंडा, मुरादाबाद और बलरामपुर में जोरदार बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि कई अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।

खराब मौसम के बीच चंदौसी में पेड़ गिरने से एक युवक की मौत हो गई। लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र के ईशुखेड़ा गांव में दीवार ढहने से मलबे में दबकर नौ वर्षीय अनमोल की जान चली गई। इटावा में एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समेत दो अन्य लोगों की भी मौत हो गई। इन घटनाओं ने मौसम के बदलते तेवरों की गंभीरता को उजागर कर दिया है।बारिश और तेज हवाओं के कारण प्रदेश के कई जिलों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। बस्ती 40 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। वहीं बलिया में 34.4 मिमी, मुरादाबाद में 21.8 मिमी और हरदोई में 19.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार सोमवार को भी प्रदेश के लगभग 63 जिलों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। पूर्वी, मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है। हालांकि मंगलवार से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर पड़ने लगेगा और मौसम में धीरे-धीरे सुधार आने की संभावना है। मौसम की इस स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने, प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने तथा जनहानि या पशुहानि की स्थिति में तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराने को कहा है। साथ ही फसलों को हुए नुकसान का शीघ्र सर्वे कर किसानों को आवश्यक सहायता प्रदान करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
or advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

