इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल का टिकट किस टीम को मिलेगा, इसका फैसला आज न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (मुल्लांपुर) में हो जाएगा। शाम साढ़े सात बजे होने वाले इस करो या मरो के क्वालिफायर-2 मुकाबले में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स की टीमें आमने-सामने होंगी। एक तरफ गुजरात की मजबूत बल्लेबाजी होगी तो दूसरी तरफ राजस्थान के दमदार गेंदबाज, जिसके चलते इस मैच में रोमांच अपने चरम पर रहने की पूरी संभावना है। इस सीजन में दोनों टीमों ने एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक मैच जीता है, जिससे आज की टक्कर और भी ज्यादा दिलचस्प हो गई है।गुजरात टाइटंस के लिए यह मुकाबला वापसी करने का आखिरी मौका है, क्योंकि क्वालिफायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ उन्हें 92 रन की करारी हार का सामना करना पड़ा था, जहां उनकी बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही थी। ऐसे में कप्तान शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर की स्टार तिगड़ी पर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने का भारी दारोमदार होगा। दूसरी ओर, राजस्थान रॉयल्स की टीम एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर जबरदस्त आत्मविश्वास से लबरेज है। राजस्थान की इस सफलता के पीछे उनके युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी की बड़ी भूमिका है, जिन्होंने पिछले मैच में महज 29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। आज के मैच में भी वैभव और विकेटकीपर ध्रुव जुरेल राजस्थान के मुख्य हथियार होंगे।

मुल्लांपुर की पिच के मिजाज की बात करें तो इसे बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों के लिए मददगार यानी एक संतुलित पिच माना जा रहा है। मैच की शुरुआत में यहां तेज गेंदबाजों को अच्छी मदद मिलने की उम्मीद है, जिससे बल्लेबाजों को शुरुआत में संभलकर खेलना होगा। हालांकि, जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा, पिच बल्लेबाजी के लिए आसान हो जाएगी और बल्लेबाज खुलकर अपने शॉट्स खेल सकेंगे। इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 200 से अधिक रन रहा है, जिससे दर्शकों को एक बार फिर चौकों-छक्कों की बरसात देखने को मिल सकती है। पिच के बदलते मिजाज को देखते हुए टॉस जीतने वाले कप्तान के लिए पहले गेंदबाजी करने का फैसला फायदे का सौदा साबित हो सकता है।इस महामुकाबले से पहले गुजरात टाइटन्स के सहायक कोच पार्थिव पटेल ने एक पत्रकार वार्ता में राजस्थान के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की। उन्होंने माना कि वैभव इस समय शानदार लय में हैं और उनकी बल्लेबाजी ने सभी को प्रभावित किया है। हालांकि, विरोधी टीम को चेतावनी देते हुए पार्थिव ने हंसते हुए कहा कि वैभव शुक्रवार के इस मुकाबले में नहीं चल पाएंगे, क्योंकि गुजरात टाइटंस उनके खिलाफ एक खास और अचूक रणनीति बनाकर मैदान पर उतरेगी। कोच ने ऑलराउंडर जेसन होल्डर के अनुभव पर अपना पूरा भरोसा जताया और चोट के बाद वापसी कर रहे स्टार स्पिनर राशिद खान को टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। दोनों ही टीमें संतुलित और मजबूत हैं, जो फाइनल की सीट पक्की करने के लिए मैदान पर अपनी पूरी जान लगाने को तैयार हैं।
or advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

