देहरादून में बड़ी कार्रवाई: थानो की विवादित जामा मस्जिद सील, भारी पुलिस बल तैनात

Editorial
4 Min Read

देहरादून देहरादून के थानो क्षेत्र स्थित विवादित जामा मस्जिद पर आखिरकार प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। रविवार सुबह पुलिस प्रशासन और मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की संयुक्त टीम भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मौके पर पहुंची और मस्जिद के शेष हिस्से को भी सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने काफी समय पहले प्रशासन और एमडीडीए से शिकायत की थी कि संबंधित मस्जिद का निर्माण नियमों के विपरीत और बिना आवश्यक अनुमति के किया गया है। शिकायतों के आधार पर जांच की गई, जिसके बाद प्राधिकरण ने कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की थी। कुछ माह पहले मस्जिद के एक हिस्से को सील भी किया गया था, लेकिन दूसरे हिस्से को फिलहाल छोड़ दिया गया था।उस समय मस्जिद पक्ष की ओर से दावा किया गया था कि भवन के एक हिस्से में कुछ लोग निवास करते हैं, इसलिए उस भाग को सील नहीं किया जाना चाहिए। इस दलील के बाद प्रशासन ने तत्काल पूरे परिसर को सील करने के बजाय आंशिक कार्रवाई की थी। हालांकि बाद में जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेष हिस्से को भी सील करने का निर्णय लिया गया। प्रशासन ने पहले 27 मई को दूसरी कार्रवाई की तारीख तय की थी, लेकिन अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए इसे स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद एक जून को कार्रवाई का नया कार्यक्रम तय किया गया। तय कार्यक्रम के अनुसार रविवार सुबह प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और मस्जिद के बाकी हिस्से को भी सील कर दिया।

इस मामले को लेकर पिछले कई सप्ताह से क्षेत्र में माहौल गर्म बना हुआ था। बजरंग दल, काली सेना समेत कई हिंदू संगठन लगातार प्रदर्शन कर रहे थे और प्रशासन से अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। संगठनों ने चेतावनी दी थी कि यदि प्रशासन कार्रवाई नहीं करता तो वे बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे। इसी को देखते हुए रविवार को कई संगठनों ने थानो पहुंचने की तैयारी भी कर रखी थी। हालांकि प्रशासन ने किसी भी संभावित तनाव की स्थिति को देखते हुए हिंदू संगठनों के पहुंचने से पहले ही कार्रवाई पूरी कर ली। सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस, प्रशासन और एमडीडीए के अधिकारी पूरी सतर्कता के साथ मौजूद रहे। इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे ताकि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो। कार्रवाई के बाद प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कदम निर्धारित नियमों और कानूनी प्रक्रिया के तहत उठाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध निर्माण के मामलों में किसी भी पक्ष के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई जारी रहेगी।मस्जिद को सील किए जाने की खबर सामने आते ही पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया। स्थानीय लोग और विभिन्न संगठन प्रशासन की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती जारी है।

read more:https://news7hindi.com/cm-yogis-daughters-are-bluntly-bringing-merit-to-the-boys-even-by-doing-household-work-students-should-take-inspiration-from-them/

or advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

 

Share This Article
Leave a Comment