
- 151 जोड़ों की नई जिंदगी की शुरुआत, धर्म और संस्कृति का दिखा संगम
- सांसद जगदम्बिका पाल बोले- गरीब बेटियों के सपनों को मिला सहारा
- माता प्रसाद पाण्डेय ने दिया आशीर्वाद, बोले- ज्यादा से ज्यादा लोग योजना से जुड़ें
- सरकार की योजनाओं से बदल रही गरीब परिवारों की तस्वीर
- वर-वधू को मिला गृहस्थी का सामान और आर्थिक सहायता
- जिलाधिकारी ने बताया योजना का लाभ
- प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में बना यादगार पल
सिद्धार्थनगर की धरती शनिवार को एक ऐसे ऐतिहासिक और भावुक पल की गवाह बनी, जहां खुशियों के रंग, सामाजिक एकता और सरकारी योजनाओं की ताकत एक साथ नजर आई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बगल स्थित खाली प्रांगण में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 151 नवविवाहित जोड़ों ने नई जिंदगी की शुरुआत की।भव्य समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और हजारों लोगों की मौजूदगी ने इस आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में डुमरियागंज सांसद जगदम्बिका पाल, इटवा विधायक एवं नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय, बांसी विधायक जय प्रताप सिंह, कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही, शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, पूर्व विधायक डुमरियागंज राघवेन्द्र प्रताप सिंह और जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।दीप प्रज्ज्वलन के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद पूरे विधि-विधान और उत्साह के साथ विवाह की रस्में संपन्न कराई गईं।

151 जोड़ों की नई जिंदगी की शुरुआत, धर्म और संस्कृति का दिखा संगम
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित इस समारोह में कुल 151 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इनमें 95 हिन्दू जोड़े, 36 बौद्ध धर्म के जोड़े और 20 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे।कार्यक्रम में हर धर्म की परंपराओं और रीति-रिवाजों का पूरा सम्मान किया गया। हिन्दू जोड़ों का विवाह पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कराया गया, वहीं मुस्लिम जोड़ों का निकाह मौलानाओं द्वारा पढ़ाया गया। बौद्ध समुदाय के जोड़ों ने भी अपनी धार्मिक परंपराओं के अनुसार विवाह की रस्में पूरी कीं।यह आयोजन सिर्फ विवाह समारोह नहीं बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश देने वाला मंच बन गया, जहां अलग-अलग धर्मों के लोग एक साथ खुशियों के इस उत्सव में शामिल हुए।

सांसद जगदम्बिका पाल बोले- गरीब बेटियों के सपनों को मिला सहारा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गरीब परिवारों की बेटियों की शादी की चिंता को दूर करने का काम किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि पहले गरीब परिवारों के लिए बेटियों की शादी एक बड़ी चिंता होती थी, लेकिन मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना ने इस चिंता को काफी हद तक खत्म किया है। आज सरकार, जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर नव दंपतियों को आशीर्वाद देने के लिए मौजूद हैं।सांसद ने कहा कि यह दिन ऐतिहासिक है और सभी लोग इस शुभ अवसर के साक्षी बने हैं। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत विश्वास, प्रेम और आपसी सहयोग के साथ करें।इस दौरान सांसद जगदम्बिका पाल ने नवविवाहित जोड़ों के लिए एक बड़ी घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के माध्यम से सभी नव दंपतियों को नौकरी और प्लेसमेंट उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

माता प्रसाद पाण्डेय ने दिया आशीर्वाद, बोले- ज्यादा से ज्यादा लोग योजना से जुड़ें
इटवा विधायक एवं नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने नवविवाहित वर-वधुओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है।उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लाभार्थियों का इस योजना से जुड़ना इसकी सफलता को दर्शाता है। समाज के हर वर्ग के पात्र लोगों को इस योजना का लाभ मिलना चाहिए।
सरकार की योजनाओं से बदल रही गरीब परिवारों की तस्वीर
बांसी विधायक जय प्रताप सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में वर्ष 2018 में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की शुरुआत की गई थी। इस योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की बेटियों की शादी सम्मान और भव्य तरीके से कराई जा रही है।उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खाते में धनराशि भेजी जा रही है, जिससे पारदर्शिता बनी हुई है।कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार हमेशा गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए चिंतित रहती है। बेटियों की शादी की जिम्मेदारी को आसान बनाने के लिए सामूहिक विवाह योजना बड़ा सहारा बनी है।उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों को आवास, निःशुल्क खाद्यान्न, गैस सिलेंडर और स्वास्थ्य सुविधाओं जैसी योजनाओं से जोड़कर उन्हें मजबूत बना रही है।वहीं शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के लिए सम्मान और समानता का प्रतीक बन चुकी है।
वर-वधू को मिला गृहस्थी का सामान और आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत नवविवाहित जोड़ों को सरकार की ओर से गृहस्थी बसाने के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई।प्रत्येक नवविवाहिता के खाते में डीबीटी के माध्यम से 64 हजार रुपये की धनराशि भेजी गई। इसके अलावा करीब 21 हजार रुपये का सामान और बारात स्वागत के लिए 15 हजार रुपये खर्च किए गए।नवदंपतियों को साड़ी, ब्लाउज, पेटीकोट, चुनरी, कपड़े, गमछा, डिनर सेट, कुकर, ट्रॉली बैग, दीवार घड़ी, कड़ाही, वैनिटी किट, सीलिंग फैन, प्रेस, चादर, कंबल, गद्दा, तकिया सहित कई जरूरी घरेलू सामान दिए गए।इसके साथ ही मिठाई और सूखे मेवे भी उपलब्ध कराए गए, ताकि नवविवाहित जोड़ों की नई जिंदगी खुशियों के साथ शुरू हो सके।
जिलाधिकारी ने बताया योजना का लाभ
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को आर्थिक सहायता और जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी, ताकि सभी विवाह बिना किसी परेशानी के संपन्न हो सकें।जिलाधिकारी ने सभी नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में बना यादगार पल
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल, डीडीओ राजमणि वर्मा, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह, संबंधित खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी समेत बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।सिद्धार्थनगर में आयोजित यह मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह सिर्फ 151 शादियों का आयोजन नहीं था, बल्कि यह संदेश भी था कि सरकार और समाज मिलकर गरीब परिवारों के सपनों को पूरा करने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं।एक मंच, 151 जोड़े, कई संस्कृतियां और हजारों दुआएं… सिद्धार्थनगर का यह विवाह समारोह लंबे समय तक लोगों की यादों में रहेगा।
or advertisement visit our office:http://3RD FLOOR, lekhraj market, bansal Complex, Lucknow, Uttar Pradesh 226016

